घटनास्थल पर मौजूद पुलिस तथा स्थानीय लोग
- फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाना क्षेत्र स्थित मैथी टोल प्लाजा के पास एक बगीचे में युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान प्रिंस कुमार (मोहनपुर, पियर थाना क्षेत्र निवासी) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रिंस हाल ही में एक लड़की के अपहरण के मामले में जेल गया था और कुछ दिनों पहले ही बेल पर बाहर आया था।
यह भी पढ़ें- Crime:दबंगों ने घर में घुसकर परिवार को चाकुओं से गोदा; एक की मौत, तीन लोग घायल, कोर्ट नोटिस के बाद बढ़ा विवाद
दो दिन पहले काम पर निकला, फिर नहीं लौटा
परिजनों ने बताया कि प्रिंस कुमार दो दिन पहले घर से मजदूरी के काम पर जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। बुधवार सुबह जब ग्रामीणों ने मैथी टोल प्लाजा के पास एक बगीचे में शव देखा, तो तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग या लेन-देन विवाद?
प्रिंस की मौत को लेकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस इस मामले में प्रेम प्रसंग और मजदूरी के लेन-देन जैसे पहलुओं पर जांच कर रही है। सूत्रों के अनुसार, युवक का कुछ लोगों से व्यक्तिगत विवाद चल रहा था, जिसकी वजह से उसके हत्या किए जाने की संभावना जताई जा रही है। गायघाट थाना पुलिस के अनुसार, शव की स्थिति और घटनास्थल की परिस्थितियों को देखकर प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का लग रहा है। हालांकि हत्या के पीछे की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद स्पष्ट होगी।
वहीं, घटना को लेकर ग्रामीण एसपी विद्या सागर ने बताया कि गायघाट थाना क्षेत्र में एक युवक का शव बरामद किया गया है। मृतक पियर थाना क्षेत्र का रहने वाला था और पहले लड़की के अपहरण के मामले में जेल जा चुका था। हाल ही में वह बेल पर बाहर आया था और मजदूरी का काम कर रहा था। दो दिन पहले वह घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है और सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है। प्रेम प्रसंग के एंगल से भी छानबीन हो रही है।
यह भी पढ़ें- Bihar:दूसरे के प्यार में पड़ी पत्नी कहती थी जहर खाकर फंसा देगी, उसने दिल्ली से बिहार आकर Sp के सामने जान दी
पुलिस संदिग्धों से कर रही पूछताछ
पुलिस ने इस मामले में कुछ संदिग्धों से पूछताछ शुरू कर दी है और आसपास के इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है और मृतक के परिजन सदमे में हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।