मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद इलाके में भारी हंगामा हो गया। आक्रोशित परिजनों ने गांव के एक भगत पर तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक के जरिए युवक की हत्या करने का आरोप लगाते हुए उसे बंधक बना लिया और मारपीट भी की।
मृतक की पहचान अहियापुर थाना क्षेत्र के भीखनपुर गांव निवासी राजा मलिक के रूप में हुई है। राजा मलिक मुजफ्फरपुर मेडिकल कॉलेज में सफाई कर्मी के पद पर कार्यरत था। युवक की मौत की खबर फैलते ही गांव में अफरातफरी मच गई।
परिजनों का आरोप है कि राजा मलिक की तबीयत खराब होने पर उसे झाड़-फूंक के लिए उक्त भगत के पास ले जाया गया था, जहां तंत्र-मंत्र के नाम पर की गई प्रक्रिया के कारण उसकी मौत हो गई। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि भगत पहले से ही परिवार से रंजिश रखता था और इसी साजिश के तहत राजा की जान ली गई।
पढे़ं: बिहार में लापरवाही की इंतहा: 23 करोड़ का मॉडल अस्पताल अंधेरे में डूबा, टार्च और मोमबत्ती से हुआ मरीजों का इलाज
वहीं आरोपी भगत ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए खुद को निर्दोष बताया है। उसका कहना है कि राजा पहले से बीमार था और उसकी मौत प्राकृतिक कारणों से हुई है। उसने झाड़-फूंक या तंत्र-मंत्र से किसी प्रकार की हत्या से इनकार किया है।
घटना की सूचना मिलते ही अहियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद बंधक बनाए गए भगत को छुड़ाते हुए स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में अहियापुर थाना प्रभारी रोहन कुमार ने बताया कि युवक की मौत के बाद परिजन काफी आक्रोशित थे। भगत को बंधक बनाए जाने की सूचना मिली थी।