मुजफ्फरपुर के तुर्की थाना क्षेत्र में 26 वर्षीय युवक उदय कुमार का शव पेड़ की 20 फीट ऊंची डाल से लटका मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस इसे हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच रही है।
मुजफ्फरपुर जिले के तुर्की थाना क्षेत्र के दुबीयाही गांव में सोमवार को एक 26 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध हालात में पेड़ की ऊंची डाल से लटका हुआ मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और इलाके में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
पेड़ की 20 फीट ऊंची डाल से लटका मिला शव
स्थानीय लोगों के अनुसार युवक का शव लगभग 20 फीट ऊंची डाल से फंदे के सहारे लटका हुआ मिला। मृतक की पहचान उदय कुमार के रूप में हुई है। घटना को लेकर ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है। परिजनों का कहना है कि युवक की हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया गया है।
सूचना मिलने पर तुर्की थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल (FSL) टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस मामले पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (पश्चिमी क्षेत्र-2) अनिमेष चंद्र ज्ञानी ने बताया कि शव पेड़ की ऊंची डाल से फंदे में लटका मिला है। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध लग रहा है। उन्होंने कहा कि हत्या और आत्महत्या—दोनों पहलुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।