इनामी बदमाश की प्रेमिका गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र में एक किराए के मकान में रह रहे इनामी लुटेरे मोहम्मद अनवर की प्रेमिका को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके पास से लूट के छह से अधिक मोबाइल फोन, 47 हजार रुपये नकद और अन्य सामान भी बरामद किया है। हालांकि, मुख्य आरोपी मोहम्मद अनवर मौके से फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक, मोहम्मद अनवर पर हाल में जिले में हुई कई लूट की घटनाओं में शामिल होने का आरोप है। उस पर हाल ही में 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। मुजफ्फरपुर पुलिस द्वारा फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली थी कि एक इनामी अपराधी सदर थाना क्षेत्र के एक मुहल्ले में छिपा हुआ है।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की, लेकिन मोहम्मद अनवर पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा। वहीं, उसके साथ रह रही प्रेमिका को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार युवती मूल रूप से वैशाली जिले की रहने वाली है और वर्तमान में मुजफ्फरपुर में पीजी की पढ़ाई कर रही थी। वह सदर थाना क्षेत्र के एक किराए के मकान में मोहम्मद अनवर के साथ लिव-इन रिलेशन में रह रही थी।
पढ़ें: होटल में नाबालिग के साथ दुष्कर्म, इलाज के दौरान मौत, तीन युवक गिरफ्तार; होटल प्रबंधन पर भी जांच
पुलिस का कहना है कि मोहम्मद अनवर हाल के दिनों में जिले में हुई आधा दर्जन से अधिक लूट की वारदातों में शामिल रहा है। उसके पास से लूटा गया मोबाइल और नकद बरामद किया गया है। पुलिस का मानना है कि उसकी प्रेमिका भी इन घटनाओं में उसकी मदद करती थी।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (नगर क्षेत्र-2) बिनीता सिन्हा ने बताया कि फरार लुटेरे की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। छापेमारी के दौरान उसकी प्रेमिका को गिरफ्तार किया गया, जबकि मुख्य आरोपी फरार हो गया। कमरे की तलाशी में छह से अधिक मोबाइल फोन और नगद राशि बरामद की गई है। पूछताछ के बाद गिरफ्तार युवती को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। आगे की कार्रवाई जारी है।