शराब के धंधे में संलिप्त मुखिया की बहू अरेस्ट
- फोटो : अमर उजाला
बिहार में मुखिया जी की बहू अवैध शराब का धंधा कर रही थी। उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना पर छापा मारा तो पूरा मामला खुल गया। यह पूरा मामला मुजफ्फरपुर जिले के करजा थाना क्षेत्र के बड़कागांव दक्षिणी पंचायत का है, जहां के मुखिया सुरेश प्रसाद गुप्ता की बहू रानी कुमारी को उत्पाद विभाग की टीम ने शराब के साथ गिरफ्तार किया है। टीम ने यह कार्रवाई गुरुवार को मिली एक गुप्त सूचना के आधार पर की।
देर शाम उत्पाद विभाग की टीम ने घर पर छापेमारी की तो वहां एक बोरी में भरकर रखी शराब और बीयर की खेप बरामद हुई। टीम ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर छाता चौक स्थित उत्पाद विभाग के थाने में लाकर पूछताछ की। टीम इस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है और शराब की सप्लाई से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है।
गुप्त सूचना पर घर में मारा छापा
पूरी कार्रवाई को लेकर जिला उत्पाद इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी प्रकाश कुमार राम ने बताया कि टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि मुखिया की बहू घर से शराब बिक्री का धंधा करती है। इसी आधार पर टीम के साथ छापेमारी की गई। वहां से शराब के साथ महिला को गिरफ्तार किया गया। उसके विरुद्ध अभियोग दर्ज कर शुक्रवार को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
करीब 10 लीटर शराब जब्त
उत्पाद विभाग के अधिकारी के अनुसार, छापेमारी के दौरान करीब 10 लीटर शराब जब्त की गई है। इसके साथ ही जांच के दौरान पता चला कि मुखिया के पुत्र मनीष कुमार पर भी पहले से शराब का मामला दर्ज है। संबंधित थाने से इसकी जानकारी मांगी गई है। आबकारी थाना में पूर्व में दर्ज मामलों को भी खंगाला जा रहा है।
शराब कारोबार से जुड़े नेटवर्क की जांच
उत्पाद विभाग अब यह भी पता लगाने में जुटा है कि आरोपी महिला और उसके परिवार के लोग कब से शराब के धंधे में संलिप्त हैं। इसके अलावा शराब की सप्लाई कहां से होती थी और इस कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस और उत्पाद विभाग की जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।