मुजफ्फरपुर में बुधवार की शाम एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा सदर थाना क्षेत्र के दिघरा नहर के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया। बताया जा रहा है कि दोनों युवक छठ पूजा का प्रसाद लेकर लौट रहे थे। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग मौके पर जुट गए और सड़क को जाम कर हंगामा शुरू कर दिया। इस बीच ट्रक चालक और उसका सहयोगी ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने क्षत-विक्षत शव देखकर गुस्से में सड़क पर प्रदर्शन किया।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि यह हादसा ओवरटेक करने के दौरान हुआ। ट्रक की चपेट में आने के बाद एक युवक का शव कुछ दूर तक घसीटता चला गया। लोगों के शोर मचाने पर चालक और खलासी ट्रक छोड़कर फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि इस स्थान पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कोई ठोस इंतजाम नहीं किए गए हैं।