बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के दो युवकों की एक भीषण सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा सीतामढ़ी जिले के नानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मौराहा पुल के पास हुआ। मृतक दोनों युवक एक ही बाइक पर सवार थे और रिश्तेदार की बरात से लौट रहे थे।
मृतकों की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र के घनश्यामपुर गांव निवासी रोशन कुमार पंडित (18 वर्ष) और जितेंद्र दास (20 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक सीतामढ़ी में एक रिश्तेदार की शादी समारोह में शामिल होने गए थे। नाच-गाना और भोजन करने के बाद वे देर रात बाइक से घर लौट रहे थे।
परिजनों के अनुसार, रास्ते में अचानक घना कुहासा छा गया, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।