मुजफ्फरपुर के जैतपुर थाना क्षेत्र के नवादा गांव के समीप सड़क किनारे खड़े दो दोस्तों मोहन सहनी (40) और मिथिलेश सहनी (33) को मंगलवार को अज्ञात अपाचे बाइक सवार ने टक्कर मार दी।
मुजफ्फरपुर जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र के नवादा गांव के समीप सड़क किनारे खड़े दो दोस्तों को मंगलवार को एक अज्ञात बाइक सवार ने टक्कर मार दी। इस हादसे में एक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरा इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। आरोपी बाइक सवार अपाचे बाइक लेकर मौके से फरार हो गया।
विज्ञापन
स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक मोहन सहनी (40) और मिथिलेश सहनी (33) सड़क किनारे बात कर रहे थे। मोहन सहनी अपने ट्रक से संबंधित कार्य कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार में आई अपाचे बाइक ने दोनों को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर लगते ही मिथिलेश सहनी की सिर में गंभीर चोट आई और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मोहन सहनी गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लाया गया, लेकिन वहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
परिजनों की प्रतिक्रिया
मृतकों के परिजन में हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। परिजन राजेश कुमार ने बताया कि दोनों मृतक एक ही गांव के रहने वाले और आपस में घनिष्ठ मित्र थे। उन्होंने कहा कि बाइक तेज रफ्तार में थी और टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों को गंभीर चोटें आईं।
मौके पर सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोग वहां जमा हो गए। पुलिस ने तुरंत पहुंचकर मौके की जांच शुरू की। जैतपुर थाना प्रभारी ने बताया कि सड़क दुर्घटना में दोनों लोगों की मौत हुई है। मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। पुलिस आरोपी बाइक सवार की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन और पूछताछ में लगी हुई है। मृतकों के परिजन के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।