मुजफ्फरपुर जिले की पुलिस ने टॉप-टेन वांछित कुख्यात अपराधी झामु उर्फ चिंटू उर्फ राजा को गिरफ्तार कर लिया है। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में कई संगीन मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार झामु बोचहा के पूर्व विधायक मुसाफिर पासवान के पेट्रोल पंप से 27 लाख रुपये की लूट मामले में भी आरोपी है। उसकी गिरफ्तारी को पुलिस बड़ी सफलता मान रही है। उसे अहियापुर थाना क्षेत्र से पकड़ा गया।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस फरार अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चला रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि वांछित अपराधी झामु अहियापुर इलाके में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर एसडीपीओ टाउन-2 बिनीता सिन्हा और अहियापुर थाना प्रभारी रोहन कुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान आरोपी को चोरी के एक मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया गया।
ये भी पढ़ें- Bihar: पनोरमा ग्रुप पर 66 घंटे की IT रेड से मचा हड़कंप, नकदी और गहने बरामद; जानें क्या बोले सीएमडी?
कई मामलों में रहा है संलिप्त
सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि झामु उर्फ चिंटू जिले का टॉप-टेन वांछित अपराधी है। उसके खिलाफ लूट, छिनतई समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह पहले भी जेल जा चुका है। हाल ही में एक व्यवसायी से लूट की घटना को अंजाम देकर फरार था।
पुलिस के अनुसार जेल से बाहर आने के बाद वह दोबारा अपने गिरोह को सक्रिय करने की कोशिश में था। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और उसके गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
टॉप टेन वांछित बदमाश अरेस्ट