मुजफ्फरपुर जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने में पुलिस अब तक पूरी तरह सफल नहीं हो पाई है। ताजा मामला सदर थाना क्षेत्र के खबरा स्थित प्राचीन शिव मंदिर से सामने आया है, जहां चोरों ने दान पेटी को निशाना बनाने की कोशिश की। हालांकि नियमित पुलिस गश्ती और मंदिर में बढ़ी सतर्कता के कारण चोर अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके और दान पेटी छोड़कर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, मंदिर में लगी डबल लॉकर वाली दान पेटी और पुलिस गश्ती की हलचल को देखकर चोर घबरा गए और मौके से भाग निकले। पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि चोर मंदिर के पीछे के रास्ते से परिसर में दाखिल होते हैं। इसके बाद वे हनुमान मंदिर के पास लगी लाइट बंद करते हैं और फिर दान पेटी तक पहुंचते हैं।
डबल लॉकर होने के कारण वे सफल नहीं हो सके
सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक चोरों ने दान पेटी को तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन डबल लॉकर होने के कारण वे सफल नहीं हो सके। इसी दौरान पुलिस गश्ती की आहट पाकर चोर वहां से फरार हो गए। हालांकि, चोर इतने शातिर थे कि भागने से पहले मंदिर परिसर के एक कमरे में भी घुसे और वहां रखी लकड़ी की दराज को तोड़ दिया।
गौरतलब है कि इससे पहले भी इसी शिव मंदिर में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिसके बाद मंदिर में डबल लॉकर वाली दान पेटी लगाई गई थी। घटना के दौरान चोरों द्वारा लाई गई एक लोहे की रॉड भी मौके से बरामद की गई है। इस संबंध में शिव मंदिर के व्यवस्थापक गुलशन कुमार ने बताया कि मंदिर में एक बार फिर चोरी का प्रयास किया गया, लेकिन चोर सफल नहीं हो पाए। घटना की सूचना सदर थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
ये भी पढ़ें- New Year 2026: नए साल की इस तारीख तक नितिन नवीन बैठेंगे राष्ट्रीय अध्यक्ष की कुर्सी पर; जानिए पूरी तैयारी
अज्ञात चोरों की पहचान की जा रही
सदर थाना पुलिस का कहना है कि मंदिर में अज्ञात व्यक्ति द्वारा प्रवेश किया गया था, लेकिन चोरी की घटना नहीं हो सकी है। मंदिर में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात चोरों की पहचान की जा रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बताया कि पूर्व की घटनाओं के बाद मंदिर की दीवार ऊंची की गई थी और सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।
मंदिर में चोरी की कोशिश नाकाम
मंदिर में चोरी की कोशिश नाकाम
मंदिर में चोरी की कोशिश नाकाम