छात्राओं से अश्लील हरकत के आरोपी को पुलिस ने ग्रामीणों से छुड़ाया।
मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र में स्थित एक सरकारी स्कूल में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक शिक्षक पर छात्राओं से अभद्र व्यवहार और अश्लील हरकतें करने का आरोप लगा। जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आरोपी शिक्षक को बंधक बना लिया, जिसके बाद स्कूल में भारी हंगामा हुआ।
ग्रामीणों ने आरोपी शिक्षक को बनाया बंधक
दरअसल, आज कांटी थाना क्षेत्र के टरमा स्थित मध्य विद्यालय में गहमागहमी की स्थिति बन गई। छात्राओं ने शिक्षक जमील अहमद पर अश्लील बातें करने और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया। इसके बाद छात्राओं के परिजन स्कूल पहुंचे और आरोपी शिक्षक को घेरकर बंधक बना लिया। इस दौरान पूरे स्कूल परिसर में तनाव का माहौल बन गया।
पुलिस ने हिरासत में लिया शिक्षक, जांच जारी
ग्रामीणों के विरोध और आक्रोश को देखते हुए मामले की जानकारी स्थानीय कांटी थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कांटी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी शिक्षक जमील अहमद को हिरासत में ले लिया। पुलिस पूरे मामले की जांच और कार्रवाई में जुटी हुई है।
एसपी ने दिए जांच के आदेश
पूरे मामले को लेकर ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि आज कांटी थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि टरमा स्थित मध्य विद्यालय के एक शिक्षक को बंधक बनाया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शिक्षक को भीड़ से छुड़ाया और थाने ले आई। एसपी ने बताया कि शिक्षक पर छात्राओं के साथ अभद्र टिप्पणी करने का आरोप है। इस मामले की जांच के लिए अनुमंडल पदाधिकारी पश्चिम को निर्देश दिए गए हैं। जांच के उपरांत जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
छात्राओं से अश्लील हरकत के आरोप में हंगामा।
छात्राओं से अश्लील हरकत के आरोप में हंगामा।
छात्राओं से अश्लील हरकत के आरोप में हंगामे को शांत कराने पहुंची पुलिस।