श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल थाना
- फोटो : Amar Ujala
मुजफ्फरपुर के श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में शनिवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। अस्पताल परिसर में स्थित मेडिकल थाना के सामने आवारा कुत्तों के मुंह में मानव अवशेष दिखाई देने से अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद मरीज और परिजन दृश्य देखकर सन्न रह गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आवारा कुत्तों का एक झुंड मानव शरीर की रीढ़ की हड्डी प्रतीत होने वाले अवशेष को नोच रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही मेडिकल थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और कुत्तों को वहां से हटाकर मानव अवशेष को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम हाउस के कर्मचारियों को बुलाकर मानव अवशेष को पूरी सावधानी के साथ सुरक्षित रखवाया। इसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई।
वैज्ञानिक जांच से होगी पहचान
मेडिकल थानाध्यक्ष पिंटू कुमार ने बताया कि मानव अवशेष को सुरक्षित कर लिया गया है। अब इसकी वैज्ञानिक जांच कराई जाएगी, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह अवशेष किस व्यक्ति का है, कितना पुराना है और अस्पताल परिसर के खुले हिस्से तक कैसे पहुंचा। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी विवादों में रहा है एसकेएमसीएच
यह पहला अवसर नहीं है जब एसकेएमसीएच की व्यवस्थाओं पर सवाल उठे हैं। इससे पहले भी अस्पताल परिसर में नवजात शिशु पर आवारा कुत्तों के हमले का वीडियो सामने आने के बाद मामला काफी चर्चा में रहा था। उस घटना पर राज्य मानवाधिकार आयोग ने भी संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया था।
ये भी पढ़ें-
मनरेगा में बड़ा फर्जीवाड़ा! चार योजनाओं में मिलीं गंभीर अनियमितताएं; अधिकारियों पर लगा जुर्माना
सुरक्षा और बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन पर उठे गंभीर सवाल
ताजा घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था, पोस्टमार्टम हाउस से मानव अवशेषों के सुरक्षित रखरखाव और बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अस्पताल पहुंचे कई लोगों का कहना है कि यदि मानव अवशेष खुले में पहुंचकर आवारा कुत्तों तक पहुंच रहे हैं, तो यह केवल लापरवाही नहीं बल्कि बेहद संवेदनशील और चिंताजनक मामला है। उनका कहना है कि अस्पताल प्रशासन को ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।