देश की प्रतिष्ठित ट्रेनों में शामिल वंदे भारत एक्सप्रेस एक बार फिर असामाजिक तत्वों के निशाने पर आ गई। गोरखपुर से पाटलिपुत्र जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस पर रविवार सुबह नारियार स्टेशन के पास पथराव किया गया। घटना में ट्रेन के दो कोचों के शीशे टूट गए, जिससे यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि किसी यात्री को चोट नहीं आई।
ट्रेन पर अचानक पत्थर फेंके
जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 26502 डाउन वंदे भारत एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय पर गोरखपुर से पाटलिपुत्र की ओर जा रही थी। इसी दौरान मुजफ्फरपुर रेलखंड के नारियार स्टेशन के समीप कुछ युवकों ने चलती ट्रेन पर अचानक पत्थर फेंक दिए। पथराव से ट्रेन के कोच संख्या सी-7 और सी-2 की खिड़कियों के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए।
यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बना
घटना के बाद कोच के अंदर बैठे यात्रियों में डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यात्री सहम गए और कुछ देर के लिए ट्रेन में हड़कंप की स्थिति बन गई। हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
मामले की जांच शुरू
रेलवे सुरक्षा बल और रेल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। रेलवे अधिकारियों ने ट्रेन में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि पथराव करने वालों की पहचान की जा सके। आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों से भी पूछताछ की गई है और घटना से जुड़ी हर जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।
ये भी पढ़ें-
Bihar Crime: भाई को बस में छोड़ घर लौट रहे युवक की गला रेतकर हत्या, पानी में मिला शव; मची चीख-पुकार
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी इस रेलखंड पर वंदे भारत एक्सप्रेस पर कई बार पथराव की घटनाएं हो चुकी हैं। पूर्व में ऐसे मामलों में कई युवकों को गिरफ्तार भी किया जा चुका है। ताजा घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और गश्त बढ़ाने की बात कही है।