मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शेखपुर ढाब में रविवार को एसएसबी जवान दीपक कुमार (उम्र करीब 30 वर्ष) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।
छुट्टी पर रिश्तेदार के घर आया था जवान
बताया जा रहा है कि दीपक कुमार भारत–नेपाल सीमा पर सीतामढ़ी जिले में एसएसबी पोस्ट पर तैनात था। वह अवकाश पर शेखपुर स्थित अपने एक रिश्तेदार के घर आया हुआ था। दीपक मूल रूप से पूर्वी चंपारण जिले का निवासी बताया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में सामने आई प्रेम-प्रसंग की बात
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि दीपक कुमार का किसी युवती से प्रेम-प्रसंग था। बताया जा रहा है कि प्रेमिका की हाल ही में शादी हो जाने के बाद वह मानसिक रूप से परेशान और अवसाद में चल रहा था, जिसके कारण उसने यह कदम उठाया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
पढ़ें- बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के बाद हिंसा: मुख्य आरोपी गिरफ्तार; उपद्रव में 30 नामजद, 200 अज्ञात के खिलाफ FIR
मोबाइल जब्त, एफएसएल टीम ने की जांच
घटना की सूचना पर अहियापुर थाना पुलिस के साथ एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची। जांच के बाद शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। पुलिस ने मृतक जवान का मोबाइल फोन जब्त किया है। मोबाइल से प्रेम-प्रसंग से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण साक्ष्य मिलने की बात कही जा रही है, जिनके आधार पर कॉल डिटेल्स और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
यूडी केस दर्ज, आगे की कार्रवाई रिपोर्ट पर निर्भर
अहियापुर थाना के एसएचओ रोहन कुमार ने बताया कि एसएसबी जवान का शव फंदे से लटका हुआ मिला था। परिजनों की सूचना के आधार पर मामले में यूडी केस दर्ज किया जा रहा है। पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।