मुजफ्फरपुर के करजा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चार बदमाशों ने इंडियन बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) में लूटपाट की। विरोध करने पर बदमाशों ने संचालक विजय कुमार के सिर पर हथियार से हमला कर उन्हें घायल कर दिया।
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के करजा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया। बाइक से आए चार बदमाश पकड़ी चौक स्थित इंडियन बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) में घुसे और रुपये लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने हथियार से हमला कर सीएसपी संचालक का सिर फोड़ दिया।
विज्ञापन
इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घटना की सूचना पर एसडीपीओ सरैया अभिजित कौर और करजा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की।
इस घटना को लेकर पीड़ित सीएसपी संचालक विजय कुमार ने बताया कि बाइक पर सवार होकर आए चार बदमाश ग्राहक सेवा केंद्र में घुस गए। उन्होंने हथियार तानते हुए रुपये मांगे। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो बदमाशों ने उन पर पिस्टल तान दी और सिर पर हमला कर दिया। इसके बाद काउंटर में रखा नकदी का बैग लेकर फरार हो गए। हमले में उनका सिर फट गया और वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद लुटेरे हथियार लहराते हुए रुपये लेकर फरार हो गए।
पूरे मामले में एसडीपीओ सरैया अभिजित कौर ने बताया कि चार बदमाशों ने इस घटना को अंजाम दिया है। मामले की जांच की जा रही है। अपराधियों के भागने की दिशा में नाकेबंदी कर छापेमारी की जा रही है। इसके अलावा, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों के हुलिये की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही लूटकांड का खुलासा कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। अपराधी एक बैग लेकर फरार हुए हैं। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।