पुलिस की गिरफ्त में प्रोटेक्शन गैंग का सरगना
मुजफ्फरपुर शहर में स्कूली छात्रों के बीच वर्चस्व की लड़ाई और प्रोटेक्शन गैंग चलाने वाले सरगना हर्ष कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे मिठनपुरा थाना क्षेत्र से दबोचा गया, जहां वह छिपा हुआ था। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से मादक पदार्थ (स्मैक) और एक बाइक भी बरामद की गई। हर्ष कुमार पर पहले से आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लंबे समय से प्रयासरत थी।
स्कूलों के बाहर सक्रिय था गैंग
मुजफ्फरपुर पुलिस को लंबे समय से शहर में सक्रिय प्रोटेक्शन गैंग के बारे में सूचनाएं मिल रही थीं। यह गैंग कई नामी स्कूलों के छात्रों को अपने गिरोह में शामिल करता था और उनकी आपसी रंजिश व वर्चस्व की लड़ाई में ‘सुरक्षा’ देने के नाम पर पैसे वसूलता था। इस दौरान गैंग से जुड़े सदस्यों द्वारा कई छात्रों को बेरहमी से पीटने की घटनाएं भी सामने आई थीं। पुलिस ने इस गिरोह पर नजर रखने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया था, जो लगातार इसकी गतिविधियों पर निगरानी रख रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर हर्ष कुमार को मिठनपुरा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
अन्य बदमाशों की तलाश जारी
पूरे मामले में डीएसपी टाउन वन सीमा देवी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हर्ष कुमार लंबे समय से शहर में प्रोटेक्शन गैंग चला रहा था। वह स्कूली छात्रों को अपने गैंग में शामिल कर उनके झगड़ों में ‘मदद’ के नाम पर पैसे वसूलता था। इसके अलावा इस गैंग की आड़ में वह अन्य आपराधिक गतिविधियां भी संचालित कर रहा था।
हर्ष की गिरफ्तारी के बाद अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया जाएगा और इस प्रकार के अपराधों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जाएगा।