मुजफ्फरपुर में एक सामुदायिक भवन के बरामदे की छत का प्लास्टर अचानक गिर गया। हादसे के समय वहां एक युवती बच्चों को पढ़ा रही थी। प्लास्टर की चपेट में आने से युवती समेत करीब आधा दर्जन बच्चे घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच शुरू कर दी है।
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के हथौड़ी थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव में स्थित सामुदायिक भवन के बरामदे की छत का प्लास्टर अचानक गिर पड़ा। प्लास्टर के गिरने से बच्चों को पढ़ा रही एक युवती घायल हो गई, जबकि मौके पर पढ़ रहे आधा दर्जन बच्चे घायल हो गए हैं। अचानक ही प्लास्टर का एक बड़ा हिस्सा गिरने से मौके पर अफरातफरी की स्थिति बन गई। इस घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय ग्रामीणों ने आनन-फानन में सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
विज्ञापन
बच्चों की पढ़ाई के बीच अचानक गिरा छत का हिस्सा
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, आज गुरुवार को सामुदायिक भवन के परिसर में ही युवती द्वारा बच्चों को पढ़ाया जा रहा था। बच्चे और अन्य लोग वहां बैठे हुए थे। तभी इसी दौरान अचानक छत के प्लास्टर का एक बड़ा टुकड़ा देखते ही देखते नीचे आ गिरा। अचानक हुए हादसे से मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोग तत्काल घटनास्थल की ओर दौड़े। मलबे की चपेट में आए बच्चों और अन्य लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे में घायल सभी लोगों को स्थानीय स्तर पर इलाज के लिए ले जाया गया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है।
हादसे की खबर मिलते ही सामुदायिक भवन पर जुटी भीड़
इस घटना की सूचना मिलते ही मौके पर आसपास के लोगों की बड़ी संख्या में भीड़ सामुदायिक भवन के पास जुट गई। बच्चों के घायल होने की खबर से उनके परिजनों में भी बेचैनी बढ़ गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजने में मदद की।
विज्ञापन
भवन की सुरक्षा और रखरखाव पर उठे सवाल
वहीं, इस हादसे के बाद सामुदायिक भवन की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर भी बड़े सवाल उठने लगे हैं। हथौड़ी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। मामले में आज पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और हादसे की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है। इस मामले में पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि भवन में निर्माण या रखरखाव से संबंधित कोई लापरवाही तो नहीं हुई थी। वहीं, इस मामले में अब जांच-पड़ताल भी शुरू कर दी गई है।