फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar News: एसकेएमसीएच के आईसीयू से बुजुर्ग मरीज रहस्यमय ढंग से लापता, पुलिस जांच में जुटी

Sat, 03 Jan 2026 07:50 PM IST
तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुज्जफरपुर

सार

मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच में आंत के ऑपरेशन के बाद आईसीयू में भर्ती 63 वर्षीय मरीज रहस्यमय ढंग से लापता हो गया। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी है।

विज्ञापन
मेडिकल कॉलेज से मरीज लापता - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुजफ्फरपुर के श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) में इलाजरत एक बुजुर्ग मरीज के आईसीयू वार्ड से रहस्यमय ढंग से लापता हो जाने से अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। घटना को लेकर परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए मेडिकल कॉलेज ओपी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

लापता मरीज की पहचान हथौड़ी थाना क्षेत्र के सिमरी बसंत गांव निवासी 63 वर्षीय सोकेंद्र सहनी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सोकेंद्र सहनी को आंत की बीमारी के इलाज के लिए 30 दिसंबर को एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसी रात उनकी आंत की बड़ी सर्जरी की थी। ऑपरेशन के बाद उन्हें आईसीयू वार्ड नंबर-6 के एक बेड पर रखा गया था।

विज्ञापन


पढ़ें: दानापुर मंडल में हादसा, ट्रेन के पहियों में फंसी भैंस की मौत; अप लाइन पर डेढ़ घंटे ठप रहा परिचालन

परिजनों का कहना है कि 2 जनवरी की सुबह जब वे नीचे चाय पीने गए थे, उसी दौरान मरीज आईसीयू से लापता हो गया। वापस लौटने पर जब वार्ड में खोजबीन की गई, तो मरीज का कहीं कोई पता नहीं चला। अस्पताल परिसर में काफी तलाश के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला, तब परिजनों ने मेडिकल कॉलेज ओपी थाना में आवेदन देकर मरीज की तलाश की गुहार लगाई। मरीज की पुत्री संजिला देवी ने बताया कि उनके पिता ऑपरेशन के बाद आईसीयू में भर्ती थे और अचानक उनका इस तरह से गायब हो जाना बेहद चिंताजनक है। परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका सता रही है।

इधर, मामले को लेकर मेडिकल कॉलेज ओपी थाना प्रभारी आर.के. गौतम ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। मरीज अस्पताल के आईसीयू वार्ड में भर्ती था और इसी दौरान उसके लापता होने की सूचना मिली है। अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है और जल्द ही मरीज का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें