फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिहार न्यूज: गार्ड की हत्या कर शव फेंका, बेला इंडस्ट्रियल एरिया में झाड़ियों में मिला अर्धनग्न शव

Thu, 10 Sep 2026 11:38 AM IST
तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क अमर उजाला, मुजफ्फरपुर

सार

मुजफ्फरपुर के बेला इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 में खाद और सीमेंट गोदाम के पीछे 58 वर्षीय सुरक्षा गार्ड शिवनारायण भगत का शव अर्धनग्न अवस्था में झाड़ियों में मिला। चेहरे पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं और पुलिस प्रथम दृष्टया हत्या के एंगल से जांच कर रही है।
विज्ञापन
(प्रतीकात्मक फोटो) - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुजफ्फरपुर जिले के बेला थाना क्षेत्र स्थित बेला इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 में खाद और सीमेंट गोदाम के पीछे बुधवार को सुरक्षा गार्ड का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव गोदाम के पीछे बाउंड्री के पास झाड़ियों में अर्धनग्न अवस्था में पड़ा मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों और परिजनों की भीड़ जुट गई।

विज्ञापन


सूचना मिलते ही बेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर सुरक्षित कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ टाउन-1 सुरेश कुमार भी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस शव की स्थिति को देखते हुए हत्या समेत कई बिंदुओं पर मामले की जांच कर रही है।

मृतक की पहचान 58 वर्षीय शिवनारायण भगत के रूप में

मृतक की पहचान सदर थाना क्षेत्र के पताही निवासी और वर्तमान में काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के नीम चौक इलाके में रहने वाले शिवनारायण भगत (करीब 58 वर्ष) के रूप में हुई है। वह सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करते थे। जानकारी के अनुसार, नारायणपुर फेज-1 स्थित खाद एवं सीमेंट गोदाम के पीछे स्थानीय लोगों ने शव को देखा था। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस और वरीय अधिकारियों को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल को सुरक्षित किया और जांच शुरू की।
विज्ञापन


चेहरे पर गंभीर चोट के निशान, हत्या की आशंका

पुलिस शुरुआती जांच में हत्या समेत अलग-अलग बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि शिवनारायण की हत्या कहीं और करने के बाद शव को यहां लाकर फेंका गया होगा। शव अर्धनग्न अवस्था में मिला है और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान बताए जा रहे हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट समेत अन्य वैज्ञानिक नमूने जुटाए हैं।

सुबह घर पहुंचा था गार्ड, बोला- तबीयत खराब है

मृतक की पत्नी ने बताया कि बुधवार सुबह उनके घर के पास एक गार्ड आया था। उसने बताया कि शिवनारायण भगत की तबीयत खराब है। इतना कहने के बाद वह वहां से चला गया। इसके बाद परिवार के लोगों ने शिवनारायण के मोबाइल पर लगातार फोन किया, लेकिन फोन की घंटी बजती रही और किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया। कुछ देर बाद एक अन्य गार्ड घर पहुंचा और परिवार को शिवनारायण की मौत की जानकारी दी। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे। पत्नी के मुताबिक, जहां शिवनारायण ड्यूटी करते थे, वहां से करीब 150 मीटर की दूरी पर उनका शव पड़ा था। उन्होंने बताया कि शिवनारायण के चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे और शरीर पर कोई कपड़ा नहीं था। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए कहा कि हत्या के बाद शव को यहां लाकर फेंका गया है।

उद्यमी संघ ने निष्पक्ष जांच की मांग की

घटना को लेकर उत्तर बिहार उद्यमी संघ के अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि घटना को अंजाम देने में जो भी लोग शामिल हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर उन्हें सजा दिलाई जाए। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं से इंडस्ट्रियल एरिया का माहौल खराब होता है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों को जल्द सजा दिलाने की मांग की।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

एसडीपीओ टाउन-1 सुरेश कुमार ने बताया कि बेला इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 के पास सीमेंट और खाद गोदाम के पीछे एक गार्ड का शव मिला है। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच की जा रही है और एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर भी जांच की जा रही है। परिजनों का बयान लिया जा रहा है। इसके अलावा मृतक के सोने की जगह से उसका मोबाइल फोन और जरूरी कागजात जब्त किए गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें