बिहार के सभी जिलों में फूल मंडी एवं फूल व्यापार से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर माली समाज का प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार देर शाम सीएम सम्राट चौधरी से मिला। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने एक ज्ञापन सौंपा और जल्द से जल्द इस दिशा में कार्रवाई करने की मांग की। आपको बता दें कि बेहद कम समय में खराब होने वाले फूलों के रख-रखाव को लेकर सीएम सम्राट चौधरी से मांग की गई है।
बता दें कि बिहार में फूलों का उत्पादन एवं व्यापार हजारों परिवारों की आजीविका से प्रत्यक्ष रूप से जुड़ा हुआ है। इसमें विशेष रूप से माली समाज परंपरागत रूप से फूल उत्पादन, फूल व्यापार एवं माला निर्माण के कार्य से जुड़ा रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने बताया है कि फूल हमारे धार्मिक, सामाजिक के साथ-साथ सांस्कृतिक जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। इसके बावजूद बिहार में फूल उत्पादकों एवं व्यापारियों के लिए व्यवस्थित एवं संगठित फूल मंडी का अभाव है।
फूल का नहीं मिल रहा उचित दाम
फूल अत्यंत जल्दी खराब होने वाला उत्पाद है। इसके उचित बाजार, भंडारण और परिवहन की सुविधा नहीं होने के कारण उत्पादकों एवं छोटे व्यापारियों को अपना फूल बिचौलियों के माध्यम से कम कीमत पर बेचने के लिए मजबूर होना पड़ता है। इससे उन्हें अपने उत्पाद का उचित मूल्य नहीं मिल पाता है। वर्तमान में फूलों के थोक एवं खुदरा व्यापार के लिए कोई ऐसी समेकित, आधुनिक एवं सुव्यवस्थित फूल मंडी नहीं है, जहां फूल उत्पादकों, थोक व्यापारियों, खुदरा विक्रेताओं और बड़े खरीदारों को एक ही स्थान पर आवश्यक सुविधाएं मिल सकें। इन फूलों का व्यापार अलग-अलग स्थानों पर बिखरा होने के कारण यातायात, पार्किंग, स्वच्छता, भंडारण एवं व्यापारिक व्यवस्था से संबंधित समस्याएं भी उत्पन्न होती हैं। अत: पटना में बड़े स्तर की आधुनिक एवं सुव्यवस्थित फूल मंडी स्थापित करना अत्यंत आवश्यक है।
बिहार के सभी जिला मुख्यालयों में फूल मंडी की स्थापना हो
फूल उत्पादकों एवं थोक व्यापारियों के लिए व्यवस्थित दुकान एवं स्टॉल, कोल्ड स्टोरेज एवं आधुनिक कोल्ड चेन की सुविधा, पारदर्शी नीलामी एवं उचित मूल्य निर्धारण की व्यवस्था हो। इसके साथ-साथ थोक एवं खुदरा व्यापार के लिए अलग-अलग क्षेत्र, पर्याप्त पार्किंग एवं लोडिंग-अनलोडिंग की व्यवस्था, फूलों के परिवहन के लिए उचित लॉजिस्टिक सुविधा के साथ उत्पादकों को सीधे बड़े खरीदारों एवं बाजार से जोड़ने की व्यवस्था हो। डिजिटल माध्यम से फूलों की खरीद-बिक्री करने के साथ मूल्य की जानकारी, मंडी परिसर में स्वच्छता, पेयजल, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध हों। इसके साथ ही सभी जिला मुख्यालयों में फूल मंडी की स्थापना, पटना में बड़े स्तर पर आधुनिक फूल मंडी स्थापित करने के साथ-साथ बिहार के सभी जिला मुख्यालयों में भी चरणबद्ध तरीके से आधुनिक फूल मंडी की स्थापना की जाए।
ये भी पढ़ें-
बिहार में वर्दी भी नहीं सुरक्षित! बदमाशों ने महिला सिपाही की कनपटी पर पिस्टल सटाकर लूटी सोने की चेन
बीजेपी के मीडिया प्रभारी ने कहा कि पटना को बिहार के फूल व्यापार का प्रमुख केंद्र तथा प्रत्येक जिला मुख्यालय को स्थानीय फूल व्यापार का संगठित केंद्र बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया जाएगा। इस प्रतिनिधिमंडल में माली मालाकार कल्याण समिति, पटना के अध्यक्ष मनोज कुमार मालाकार के अलावा शत्रुघ्न भक्त मालाकार, पिंटू कुमार मालाकार और पिंकू मालाकार शामिल थे।