मुजफ्फरपुर जिले के मुजफ्फरपुर के बोचहां थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात वार्ड सदस्य के घर पर चढ़कर बदमाशों ने कई राउंड फायरिंग कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। गनीमत रही कि परिवार के सभी सदस्य बाल-बाल बच गए। पुलिस ने मौके से एक गोली का खोखा बरामद किया है और मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, बोचहां थाना क्षेत्र के बहरामपुर गांव में शनिवार रात करीब 12 बजे तीन बाइकों पर सवार आधा दर्जन से अधिक बदमाश वार्ड सदस्य मो. शमशाद के घर पहुंचे और अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने कई राउंड गोलियां चलाईं, जिससे घर में लगे तीन पर्दे गोलियों से छलनी हो गए।
परिजनों ने बताया कि रात का खाना खाने के बाद सभी लोग सोने की तैयारी में थे। तभी अचानक बदमाशों ने हमला कर दिया। गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने-अपने घरों में दुबक गए। घटना के बाद पूरे परिवार में भय का माहौल है।