मुजफ्फरपुर जिले के बेला थाना क्षेत्र के धीरन पट्टी गांव में रविवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 55 वर्षीय शिवनाथ चौधरी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक सड़क किनारे अपने घर लौटने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार में नशे की हालत में चल रहा टोटो ऑटो अनियंत्रित होकर उन्हें टक्कर मार गया। टक्कर के बाद टोटो भी पलट गया और चालक समेत एक अन्य युवक मौके से भागने लगा। लेकिन स्थानीय लोगों ने उन्हें पकड़कर पहले जमकर पिटाई की और फिर पुलिस को सौंप दिया।
घर लौटने के इंतजार में खड़े थे अधेड़, टोटो ने छीनी जान
चश्मदीदों के अनुसार, मृतक शिवनाथ चौधरी मुसहरी थाना क्षेत्र के निवासी थे और किसी काम से बाहर गए थे। घर लौटने के लिए वे सड़क किनारे खड़े होकर वाहन का इंतजार कर रहे थे। उसी वक्त बेला की ओर से आ रहे तेज रफ्तार टोटो, जिसे चालक ने नशे में चला रखा था, ने सीधे आकर उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि शिवनाथ चौधरी वहीं सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह भी पढ़ें- Bihar News: बीपीएससी शिक्षिका की संदिग्ध हालत में मौत, पुलिस बोली- यह रिपोर्ट आने के बाद ही होगा खुलासा
इलाज के दौरान हुई मौत, मौके पर भड़का जनाक्रोश
हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत घायल को अस्पताल ले गए, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की खबर जैसे ही गांव में फैली, स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। भीड़ ने शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोश इतना था कि घटनास्थल पर जुटी भीड़ ने टोटो चालक और उसके साथी की पिटाई कर दी, जिन्हें बाद में पुलिस ने हिरासत में लिया।
तीन थानों की पुलिस ने मिलकर संभाला मामला
घटना की गंभीरता को देखते हुए बेला, मुशहरी और मिठनपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को शांत कराया। पुलिस ने शव को श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं, टोटो ऑटो को भी जब्त कर लिया गया है।
वहीं, स्थानीय निवासियों का कहना है कि धीरन पट्टी गांव के उस क्षेत्र में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन ने आज तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया। लोगों ने बार-बार स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की, लेकिन हर बार उनकी बात को नजरअंदाज किया गया। इस हादसे ने फिर से प्रशासन की लापरवाही को उजागर कर दिया है।
यह भी पढ़ें- Bihar News: मां ने दो बेटियों के संग जहर खाकर किया सुसाइड; पति से हुआ था विवाद, एक गिरफ्तार
पुलिस मामले की जांच में जुटी
बेला थाना प्रभारी रंजीत कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि यह एक स्पष्ट सड़क दुर्घटना का मामला है, जिसमें टोटो चालक की लापरवाही सामने आई है। चालक नशे में था, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि लोगों का आक्रोश समझा जा सकता है, लेकिन पुलिस की तत्परता से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है। मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।