मुजफ्फरपुर जिले से एक दर्दनाक रेल हादसे की खबर सामने आई है, जहां ट्रेन से गिरने के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई। यह घटना मंगलवार देर शाम मुजफ्फरपुर-समस्तीपुर रेलखंड के सीहो स्टेशन के पास हुई। हादसे की सूचना मिलते ही रेल पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
इलाज के दौरान हुई मौत
मृतक की पहचान 45 वर्षीय मुकेश कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो एक कंस्ट्रक्शन कंपनी में फेब्रिकेटर के पद पर कार्यरत थे। हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल मुकेश को रेल पुलिस ने ट्रैक के पास से उठाकर तुरंत इलाज के लिए मुजफ्फरपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा था, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पारिवारिक शादी में शामिल होने के लिए आए थे घर
जानकारी के अनुसार, मुकेश कुमार सिंह हाल ही में एक पारिवारिक शादी में शामिल होने के लिए घर आए थे। परिजनों के मुताबिक, शादी समारोह समाप्त होने के बाद वह बरौनी जाने के लिए मुजफ्फरपुर से ट्रेन में सवार हुए थे। यात्रा के दौरान ही वह अचानक ट्रेन से गिर गए, जिससे उनका हाथ और पैर गंभीर रूप से कट गया और वे बुरी तरह घायल हो गए।
पुलिस की मदद से पहुंचाया अस्पताल
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक बताई थी। हालांकि, काफी प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। मृतक के भांजे चंदन कुमार सिंह ने बताया कि मुकेश बेहद मेहनती और जिम्मेदार व्यक्ति थे। वे शादी समारोह में शामिल होकर वापस अपने काम पर लौट रहे थे, लेकिन यह हादसा हो गया। परिवार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद से ही घर में मातम पसरा हुआ है और सभी लोग सदमे में हैं।
ये भी पढ़ें-
Bihar: बीच चौराहे पर हाथ में बोर्ड लेकर बैठा पति, बोला- पुरुष न करें शादी; पत्नी की प्रताड़ना से हुआ परेशान
रेलवे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।