मुजफ्फरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र के गोबरसही चौक स्थित होटल में फंदे से लटकी मिली 30 वर्षीय निगम कुमारी की मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। जांच के दौरान पता चला है कि निगम कुमारी वर्ष 2022 से अपने पति मदन कुमार से अलग रह रही थी और नोएडा की एक रियल एस्टेट कंसल्टेंट कंपनी में मैनेजर के तौर पर गुजरात के अहमदाबाद में नौकरी कर रही थी। पति से अलग रहने के दौरान उसका अपने भैसुर प्रभात कुमार से संपर्क बना रहा। यह भी बात सामने आई है कि दोनों ने 18 सितंबर को शादी कर ली थी।
डिप्रेशन के इलाज के नाम पर मुजफ्फरपुर लाता था प्रभात
बताया जा रहा है कि मृतका का भैसुर प्रभात कुमार उसे डिप्रेशन के इलाज के नाम पर बराबर मुजफ्फरपुर लेकर आता था। दोनों के बीच वाट्सऐप पर हुई बातचीत के स्क्रीनशॉट निगम ने मौत की रात अपनी एक महिला मित्र को भेजे थे। इस दौरान दोनों के बीच पैसों को लेकर कई बार विवाद होने की बात भी सामने आई है। यही नहीं, एक चैट में कथित तौर पर ‘मार न दिया तो फिर कहना’ लिखा हुआ बताया जा रहा है। पुलिस अब इन चैट और उनसे जुड़े पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
चचेरी बहन की शादी प्रभात से, उसी की पहल पर हुई थी निगम की शादी
मृतका निगम कुमारी के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। वहीं, उसकी चचेरी बहन की शादी प्रभात कुमार से हुई थी। यह भी बताया गया है कि प्रभात की पहल पर ही निगम की शादी उसके चचेरे भाई मदन कुमार से हुई थी। इस दौरान निगम और मदन के दो बच्चे भी हैं। शादी के कुछ वर्ष बाद, वर्ष 2022 से निगम और मदन अलग रह रहे थे। इसी दौरान रविवार को निगम बेगूसराय पहुंची थी। वहां देर रात उसने पति मदन कुमार के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद वह प्रभात के साथ मुजफ्फरपुर आई। दोनों ने गोबरसही चौक स्थित एक होटल में कमरा लिया। कमरा लेने के कुछ देर बाद प्रभात होटल से चला गया।
दरवाजा नहीं खुला तो होटल कर्मियों को हुआ शक
मामला तब उजागर हुआ, जब सोमवार को कमरे का दरवाजा नहीं खुला। होटल कर्मियों ने इसकी सूचना मैनेजर को दी। इसके बाद बालकनी से देखने पर निगम का शव फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलने पर सदर थानाध्यक्ष नवलेश कुमार आजाद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम की मौजूदगी में मास्टर चाबी से कमरे को खोला गया। इसके बाद एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया।
ये भी पढ़ें-
बिहार: ससुराल में दामाद को जंजीर से बांधकर पीटा, एसपी के निर्देश की कार्रवाई; शरीर पर मिले चोट के निशान
पोस्टमार्टम के बाद पति शव को अमजदपुर ले गए
अगले दिन यानी मंगलवार को दिन में पोस्टमार्टम के बाद निगम के पति मदन कुमार शव को अपने साथ अमजदपुर ले गए। वहां हिंदू रीति-रिवाज से उसका दाह संस्कार कराया गया।
प्रथमदृष्टया आत्महत्या का मामला, चैट और पैसों के विवाद की जांच
इस मामले की जांच कर रही सदर थाना पुलिस के अनुसार, प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, स्वजनों के बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच के दौरान मृतका निगम कुमारी के वाट्सऐप चैट, पैसों के लेन-देन से जुड़े विवाद और उसकी महिला मित्र से मिली जानकारी को भी जांच में शामिल किया जा रहा है। पुलिस अब भैसुर प्रभात कुमार से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।