मुजफ्फरपुर में नगर थाना पुलिस ने फर्जी तरीके से आधार कार्ड बनाने और गलत दस्तावेजों के आधार पर विदेशी नागरिक का पासपोर्ट तैयार कराने के मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने मोतीझील स्थित कन्हाई कम्यूनिकेशन और आरडीएस कॉलेज के पास ओम कम्यूनिकेशन में छापेमारी कर लैपटॉप के साथ यूआईडीएआई मशीन, फिंगर स्कैनर, आई स्कैनर, क्लोन थंब इंप्रेशन और आठ मूल आधार कार्ड बरामद किए हैं। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
बांग्लादेशी नागरिक के नाम पर पासपोर्ट बनाने का मामला
बैंक में आधार ऑपरेटर के रूप में करता था काम
पुलिस की पूछताछ में शिव कुमार पंडित ने बताया कि वह बैंक में आधार ऑपरेटर के रूप में काम करता था। इस दौरान उसके द्वारा यूआईडीएआई सिस्टम साइबर कैफे संचालकों को उपलब्ध कराया जाता था। पुलिस ने मामले में साहिल कुमार और शिव कुमार पंडित को गिरफ्तार किया है। मामले में साहिल कुमार, थाना केसरिया, पूर्वी चंपारण, वर्तमान पता वार्ड-26, ठाकुर नर्सिंग होम के पास, कलमबाग चौक, थाना काजी मोहम्मदपुर, मुजफ्फरपुर के अलावा शिव कुमार पंडित, थाना दरियापुर, छपरा, सुजीत कुमार, अंजानपीर, हथसारगंज, थाना नगर, हाजीपुर, कन्हाई कुमार मिश्रा, पकड़ी स्माइल, थाना सदर, मुजफ्फरपुर तथा अन्य अज्ञात को आरोपित किया गया है।
ये भी पढ़ें- बिहार: ससुराल में दामाद को जंजीर से बांधकर पीटा, एसपी के निर्देश की कार्रवाई; शरीर पर मिले चोट के निशान
बांग्लादेशी नागरिक का पासपोर्ट बनाने की जांच
पूरे मामले की जानकारी देते हुए एसडीपीओ टाउन वन सुरेश कुमार ने बताया कि नगर थाना क्षेत्र में साइबर कैफे की आड़ में फर्जी तरीके से आधार कार्ड बनाने की सूचना पर कार्रवाई की गई थी। एक आरोपित को मौके से गिरफ्तार किया गया है। उसके द्वारा एक बांग्लादेशी नागरिक का पासपोर्ट बनाने का काम किया गया था।
उन्होंने बताया कि आगे की अनुसंधान के दौरान एक अन्य आरोपित को भी पकड़ा गया है। मामले में कुछ अन्य महत्वपूर्ण जानकारी भी मिली है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।