सार
मुजफ्फरपुर के राजकीय मध्य विद्यालय, आमगोला में मिड डे मील के दौरान जर्जर छत का हिस्सा बच्चों पर गिर गया। हादसे में पांचवीं की छात्रा आराध्या राज घायल हो गई। घटना के बाद सभी बच्चों की छुट्टी कर दी गई। शिक्षक सुरक्षित भवन की मांग कर रहे हैं।
मुजफ्फरपुर जिले में सरकारी स्कूलों की जर्जर इमारतों की स्थिति एक बार फिर चिंता का विषय बन गई है। नगर क्षेत्र के राजकीय मध्य विद्यालय, आमगोला में सोमवार को मिड डे मील के दौरान छत का एक हिस्सा अचानक टूटकर बच्चों पर गिर गया। हादसे में पांचवीं कक्षा की छात्रा आराध्या राज के सिर में चोट लगी। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और एहतियात के तौर पर सभी बच्चों को घर भेज दिया गया।
मिड डे मील के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, दोपहर में बच्चे मिड डे मील खा रहे थे। इसी दौरान जर्जर छत का प्लास्टर और मलबा अचानक नीचे गिर पड़ा। तेज आवाज सुनते ही बच्चे घबरा गए और स्कूल में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। शिक्षकों ने तत्काल बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
छात्रा के सिर में लगी चोट
हादसे में पांचवीं कक्षा की छात्रा आराध्या राज घायल हो गई। उसके सिर में चोट लगने के बाद प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की गई। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी विद्यार्थियों की छुट्टी कर दी।
सामुदायिक भवन में चल रहा है विद्यालय
विद्यालय की शिक्षिकाओं ने बताया कि फिलहाल स्कूल का संचालन एक सामुदायिक भवन के दो कमरों में किया जा रहा है। यहां करीब 150 से अधिक छात्र-छात्राएं नामांकित हैं। उन्होंने बताया कि जिस भवन में कक्षाएं संचालित हो रही हैं, उसकी छत भी काफी जर्जर है और अक्सर प्लास्टर गिरने का खतरा बना रहता है।
ये भी पढ़ें-
Bankipur Vidhan Sabha: भाजपा प्रत्याशी के पास न घर, न गाड़ी; जानिए कहां तक पढ़े-लिखे हैं, संपत्ति कितनी है?
शिक्षकों ने उठाए सुरक्षा के सवाल
शिक्षकों का कहना है कि सोमवार की घटना के बाद बच्चे और शिक्षक दोनों भय के माहौल में पढ़ाई करने को मजबूर हैं। उन्होंने इस संबंध में शिक्षा विभाग और संबंधित अधिकारियों को अवगत करा दिया है तथा जल्द से जल्द सुरक्षित भवन उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।