मुजफ़्फरपुर जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब गन्ना अनुसंधान परिसर के पास झाड़ियों में एक विशालकाय अजगर दिखाई दिया। देखते ही देखते स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। यह जगह मुजफ़्फरपुर–मोतिहारी मुख्य मार्ग (एनएच-28) के किनारे स्थित है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब 20 फीट लंबा यह अजगर झाड़ियों में कुंडली मारकर बैठा हुआ था। इसकी जानकारी फैलते ही आसपास के गांवों से लोग जुटने लगे। यहां तक कि हाईवे से गुजरने वाले राहगीर भी रुककर अजगर को देखने लगे, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।
पढे़ं: सड़क सुरक्षा पर बिहार में चला मेगा ट्रेनिंग कैंप, 450 सरकारी वाहन चालकों को दिया गया प्रशिक्षण
सूचना मिलते ही तिरहुत वन प्रमंडल की टीम मौके पर पहुंची। वन क्षेत्र पदाधिकारी नितिन चंद्रा ने बताया कि अजगर के दिखने की सूचना स्थानीय लोगों ने दी थी। पहुंचने पर अजगर की लंबाई लगभग 15 फीट आंकी गई। उन्होंने कहा कि प्रजाति की पहचान की जा रही है, लेकिन इससे किसी तरह का खतरा नहीं था।
वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया और बाद में जंगल में छोड़ दिया। अधिकारियों ने लोगों से ऐसे मौकों पर भीड़ न लगाने और वन्यजीवों को परेशान न करने की अपील की है।