मुजफ्फरपुर जिले में एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने पति और ससुराल वालों पर रुपये कमाने के लिए ऑर्केस्ट्रा में डांस करने का दबाव डालने का आरोप लगाया है। यह मामला जिले के सिवाई पट्टी थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव निवासी राजू कुशवाहा से जुड़ा है, जिसकी पत्नी ने रविवार को महिला थाना पहुंचकर लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई।
पीड़िता ने बताया कि दो वर्ष पूर्व उसने प्रेम प्रसंग के बाद शादी की थी। राजू कुशवाहा उस समय एक दवा दुकान में काम करता था, जिससे उसका प्रेम संबंध हुआ और दोनों ने समाज की परवाह किए बिना विवाह कर लिया। शुरुआत में सब कुछ सामान्य था, लेकिन शादी के एक वर्ष बाद से ही पति और उसके परिजनों का व्यवहार बदल गया।
यह भी पढ़ें- Bihar:चंदा मांगने गए श्रद्धालुओं पर जानलेवा हमला, धार्मिक स्थल पर साजिश करने का आरोप; तनाव के बीच पुलिस तैनात
'घर में बैठकर क्या करेगी, ऑर्केस्ट्रा में नाचो और पैसे लाओ'
महिला का आरोप है कि बीते कुछ महीनों से पति और उसके घर वाले उसे ताने देने लगे हैं। अब रुपयों की मांग को लेकर शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। पीड़िता ने बताया कि उसे कहा जाता है कि घर में बैठकर क्या करेगी, बाहर जाओ और ऑर्केस्ट्रा में नाचो, पैसे कमाकर लाओ। महिला का यह भी कहना है कि जब उसने इस बात का विरोध किया तो मारपीट तक की गई।
महिला थाने में दर्ज हुआ मामला
महिला थाना प्रभारी अदिति कुमारी ने मामले की पुष्टि कर बताया कि आवेदन मिला है और जांच की जा रही है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पति राजू कुशवाहा के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। थाना प्रभारी ने कहा कि पहले पति को समझाने की कोशिश की जाएगी, अगर वह पत्नी को सम्मानपूर्वक रखने के लिए तैयार नहीं होता तो विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी ने यह भी स्पष्ट किया कि यह मामला सिवाई पट्टी थाना क्षेत्र का है और दोनों पक्ष वहीं के निवासी हैं। लेकिन पीड़िता ने मामला महिला थाना में दर्ज कराया है।
यह भी पढ़ें- Bihar News:होटल में घुसकर अपराधियों ने विदेशी पर्यटकों के साथ की लूटपाट, एक कर्मचारी को भी बेरहमी से पीटा
महिलाओं की स्थिति पर फिर उठा सवाल
यह मामला एक बार फिर समाज में महिलाओं की असुरक्षा और उनके साथ होने वाली घरेलू हिंसा की वास्तविकता को उजागर करता है। एक प्रेम विवाह, जो कभी दो दिलों के मिलन का प्रतीक था, आज प्रताड़ना और अपमान का कारण बन गया है। ऑर्केस्ट्रा में डांस करके पैसे लाने का दबाव डालना न सिर्फ आर्थिक शोषण का मामला है, बल्कि महिला की गरिमा के खिलाफ एक गंभीर अपराध भी है।