मुजफ्फरपुर में तापमान में लगातार वृद्धि के कारण लू का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। इसे देखते हुए जिला स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है और गर्मी से बचाव के लिए हीटवेव एक्शन प्लान लागू कर दिया गया है। इसके तहत जिले के सभी पीएचसी, सीएचसी और सदर अस्पताल में बेड आरक्षित किए गए हैं, ताकि लू की चपेट में आने वाले मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके।
सिविल सर्जन डॉ. सुधीर कुमार ओझा ने बताया कि पूर्व से की गई तैयारियों को और अधिक सुदृढ़ किया गया है, ताकि मौसम में बदलाव और भीषण गर्मी से प्रभावित मरीजों को समय पर इलाज उपलब्ध कराया जा सके।
सदर अस्पताल सहित सभी पीएचसी में विशेष बेड और अन्य तैयारियां
गंभीर मरीजों के लिए 10 डेडिकेटेड बेड तैयार, होगी लगातार निगरानी
सदर अस्पताल सहित सभी पीएचसी में लू से प्रभावित मरीजों के उपचार के लिए विशेष बेड आरक्षित किए गए हैं। मरीजों की हार्ट रेट, रेस्पिरेटरी रेट, ब्लड प्रेशर और रेक्टल टेम्परेचर की लगातार निगरानी की व्यवस्था की गई है। साथ ही, हीटवेव प्रभावित मरीजों को लाने वाली सभी एंबुलेंसों में एयर कंडीशनिंग, ऑक्सीजन और अन्य आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता एवं कार्यशील स्थिति की समीक्षा की गई है।
अलर्ट मोड पर डॉक्टर, जीवन रक्षक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता
सिविल सर्जन डॉ. सुधीर कुमार ओझा ने बताया कि सभी अस्पतालों में 24 घंटे ऑन-ड्यूटी डॉक्टरों को अलर्ट मोड पर तैनात रहने के निर्देश दिए गए हैं। लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा ऑन-कॉल विशेषज्ञ चिकित्सकों की भी व्यवस्था की गई है।
हीटवेव से प्रभावित मरीजों के उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्रों पर एंटी-डायरियल, एंटी-अमीबिक, एंटी-इमेटिक दवाएं, आईवी फ्लूइड्स, ओआरएस, पैरेंट्रल्स तथा अन्य आवश्यक मेडिकल उपकरण पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध करा दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग इस मामले को अत्यंत गंभीरता से ले रहा है और सभी डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
हीट वेब अलर्ट
हीट वेब अलर्ट