कुढ़नी थाना क्षेत्र के किशनपुर मोहिनी पंचायत स्थित कमतौल पुल के नीचे मंगलवार सुबह एक किशोरी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान वैशाली जिले के पातेपुर थाना क्षेत्र निवासी शेखर सिंह की 17 वर्षीय पुत्री पूजा कुमारी के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि पूजा बीते महीने अपने ननिहाल मोहिनी गांव, कुढ़नी में एक शादी समारोह में शामिल होने आई थी। मंगलवार सुबह उसका शव पुल के नीचे संदिग्ध हालात में मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है।
मृतका की मां ने लगाया हत्या का आरोप
मृतका की मां ने हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने बताया कि पूजा पिछले तीन-चार वर्षों से गांव के एक लड़के से बातचीत करती थी। परिजनों ने कई बार इसका विरोध भी किया था।परिजनों का आरोप है कि उसी लड़के से जुड़े लोगों ने पूजा की हत्या कर शव को पुल के नीचे फेंक दिया है। उन्होंने बताया कि पूजा ननिहाल में बहुत खुशी से रह रही थी और शादी में शामिल होने आई थी।
पढ़ें: पीएम मोदी के दौरे से पहले रेलवे अलर्ट, स्टेशन पर बढ़ी सुरक्षा, ट्रेनों में कड़ी निगरानी
एफएसएल टीम मौके पर, जांच में जुटी पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल की टीम को भी बुलाया है। मौके पर जांच-पड़ताल जारी है। डीएसपी वेस्ट-2 अनिमेष चंद्र ज्ञानी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का लग रहा है। शव की पहचान हो चुकी है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। डीएसपी ने बताया कि मृतका के परिजनों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।