बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र के कथैया थाना अंतर्गत इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब डिस्टोलिया मुख्य सड़क से गुजर रहे एक CNG टैंकर से अचानक गैस का तेजी से रिसाव होने लगा। गैस रिसाव के दौरान धमाके जैसी आवाज सुनाई देने से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। लोग डर के मारे अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और मामले की जांच में जुट गई।
बताया जा रहा है कि घटना मोतीपुर जाने वाली मुख्य सड़क पर कल्याणी इलाके के पास हुई। इस दौरान CNG लदा एक टैंकर सड़क से गुजर रहा था। इसी दौरान टैंकर से गैस का रिसाव शुरू हो गया। तेज आवाज के साथ गैस रिसाव होता देख आसपास के लोगों में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया और लोग इधर-उधर भागने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही कथैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस की मौजूदगी में टैंकर के चालक से गैस सिलिंडर से संबंधित खुले वाल्व को बंद कराया गया। इसके बाद गैस रिसाव पर काबू पाया गया और एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
ये भी पढ़ें- बिहार में बाढ़ की स्थिति: हर नदी दिखा रही अपना रौद्र रूप; कई बांधों पर दबाव व हजारों बेघर, खेत-जमीन जलमग्न
सड़क पर आवागमन भी सुचारु करा दिया गया
सबसे राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि या नुकसान की सूचना नहीं है। पुलिस की तत्परता से समय रहते स्थिति को संभाल लिया गया। घटना के बाद कुछ समय तक मौके पर लोगों की भीड़ जमा रही। पुलिस ने आम लोगों को सुरक्षित रहने की हिदायत दी। स्थिति सामान्य होने के बाद सड़क पर आवागमन भी सुचारु करा दिया गया। फिलहाल मौके पर स्थिति पूरी तरह सामान्य है और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।