मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक फर्जी मोटर वाहन निरीक्षक (MVI) को उसके चालक समेत गिरफ्तार किया है। दरभंगा मोड़ के पास हाईवे पर गाड़ियों से अवैध वसूली की जा रही थी, जिसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने यह कार्रवाई की। मौके से फर्जी MVI बोर्ड लगी एक गाड़ी भी जब्त कर ली गई है।
हाइवे पर अवैध वसूली की मिल रही थी शिकायत
काफी समय से हाइवे पर गाड़ियों से अवैध उगाही की शिकायतें मिल रही थीं। वाहन चालकों का कहना था कि परिवहन विभाग के नाम पर कुछ लोग फर्जी तरीके से पैसे वसूल रहे हैं। इसी सिलसिले में कांटी थाना पुलिस ने छानबीन शुरू की और आखिरकार शनिवार देर रात इस गिरोह का पर्दाफाश कर दिया।
यह भी पढ़ें- Bihar News:अवैध संबंध के विवाद में दो महिलाओं ने खाया जहर, हालत गंभीर; एक किशोरी की संदिग्ध मौत से कोहराम
गुप्त सूचना पर पुलिस ने मारा छापा
जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात करीब तीन बजे कांटी थाना प्रभारी रामनाथ प्रसाद को सूचना मिली कि दरभंगा मोड़ के पास एक गाड़ी रोककर अवैध रूप से वसूली की जा रही है। इसके बाद पुलिस ने तत्काल एक टीम मौके पर भेजी। जैसे ही पुलिस वहां पहुंची, उन्होंने देखा कि एक पिकअप वाहन को रोका गया था और दो लोग उसके कागजात की जांच कर रहे थे। उनमें से एक व्यक्ति खुद को MVI (मोटर वाहन निरीक्षक) बता रहा था, लेकिन उसके साथ कोई पुलिसकर्मी नहीं था।
इस पर पुलिस को संदेह हुआ और दोनों से पहचान पत्र मांगा गया। जब वे टालमटोल करने लगे तो पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की। इसके बाद फर्जी MVI ने कबूल किया कि वह असली निरीक्षक नहीं है, बल्कि हाइवे पर अवैध उगाही करता है।
फर्जी MVI और उसका चालक गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए फर्जी MVI की पहचान छपरा जिले के रिवीलगंज थाना क्षेत्र निवासी राज कुमार प्रसाद के रूप में हुई है, जबकि उसके चालक की पहचान छपरा जिले के टाऊन थाना क्षेत्र निवासी आजम आलम के रूप में हुई है। गाड़ी पर MVI का फर्जी बोर्ड लगा था, जिससे वाहन चालकों को धोखा देकर पैसे वसूले जा रहे थे। पुलिस ने गाड़ी को भी जब्त कर लिया है और अब पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- Bihar News:नगर निगम के ट्रैक्टर ने बुजुर्ग महिला को कुचला, मौके पर ही मौत; बड़े बेटे से मिलने जा रही थी
कांटी थाना प्रभारी रामनाथ प्रसाद ने बताया कि दरभंगा मोड़ के पास से एक फर्जी MVI और उसके चालक को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से MVI बोर्ड लगी गाड़ी भी जब्त की गई है। दोनों बिना किसी सरकारी पहचान पत्र के वाहनों को रोककर अवैध वसूली कर रहे थे। मामले की गहन जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।