दर्जनों थाना के प्रभारी बदले गए
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
मुजफ्फरपुर जिले में अपराध नियंत्रण और बेहतर पुलिस कार्य सुनिश्चित करने के लिए एक बड़े स्तर पर थानों के प्रभारी बदले गए हैं। इसके तहत कई थाना प्रभारी को उनके खराब प्रदर्शन के कारण पुलिस लाइन भेजा गया है, जबकि कुछ अच्छे काम करने वाले अधिकारियों को नए थानों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस संबंध में एसएसपी सुशील कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले के लगभग एक दर्जन थानों के प्रभारी बदले गए हैं।
विशेष रूप से ब्रह्मपुरा, मिठनपुरा, बेनीबाद, हथौड़ी, बरूराज जैसे थानों के प्रभारी बदले गए हैं। मिठनपुरा थाना प्रभारी के तौर पर डीआईयू के जनमेजय राय, बेनीबाद थाना प्रभारी के रूप में काजी मोहम्मदपुर से साकेत सार्दुल और हथौड़ी थाना प्रभारी की जिम्मेदारी विक्की कुमार को दी गई है। इसके अलावा बरूराज थाना प्रभारी की जिम्मेदारी अभिषेक कुमार मिश्रा को सौंपी गई है।
पढे़ं: सड़क पार करते समय तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आए बुजुर्ग, हुई मौत; परिजनों में कोहराम
वहीं, खराब प्रदर्शन के कारण हथौड़ी थाना प्रभारी मो आलम, बरूराज थाना प्रभारी संजीव कुमार दुबे और बेनीबाद के कुमार अभिषेक को पुलिस लाइन भेज दिया गया है। कुछ अन्य अपर थाना प्रभारी भी अब नए थानों के प्रभारी बनाए गए हैं।
एसएसपी सुशील कुमार ने बताया कि कई थाना प्रभारी का कार्यकाल पूरा हो चुका था और वे अपने ड्यूटी पर उचित प्रदर्शन नहीं कर पाए, इसलिए उनका स्थानांतरण किया गया है। साथ ही उन्होंने क्राइम कंट्रोल को लेकर कड़ा रुख अपनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और शराब माफियाओं पर नकेल कसी जाएगी। विधि व्यवस्था में सुधार लाने के लिए पुलिस को कड़ी मेहनत करनी होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि खराब प्रदर्शन और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है ताकि जिले में कानून व्यवस्था बेहतर हो सके और आम जनता को सुरक्षा की बेहतर भावना मिल सके।