कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का बयान
- फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म की घटना को लेकर बिहार की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस पार्टी ने राज्य सरकार पर महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार राम ने इस मामले में सरकार को घेरते हुए कहा कि बिहार में पूरी तरह से ‘गुंडा राज’ कायम हो गया है। उन्होंने कहा कि राज्य की महिलाएं और बच्चियां सुरक्षित नहीं हैं।
राजेश राम ने कहा कि कुढ़नी कांड की पीड़ा अभी समाप्त भी नहीं हुई थी कि औराई में यह शर्मनाक वारदात हो गई। यह दर्शाता है कि बिहार की कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह विफल साबित हो रहा है।
राजेश कुमार राम सोमवार को एसकेएमसीएच पहुंचे, जहां उन्होंने औराई दुष्कर्म पीड़िता से मुलाकात की। वहां से निकलने के बाद उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि कुढ़नी दुष्कर्म कांड की पीड़िता को अगर सही समय पर पीएमसीएच रेफर कर दिया गया होता, तो शायद उसकी जान बच जाती। एसकेएमसीएच से तो बड़े से बड़े केस पटना रेफर किए जाते हैं, फिर उस मामले में क्यों दबाव बनाया गया?
पढे़ं: पश्चिम चंपारण में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना: बंधक बनाकर युवती की बेल्ट से बेरहमी से पिटाई, वीडियो वायरल
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि औराई कांड में पीड़िता केवल मोबाइल रिचार्ज कराने गई थी, तभी कुछ दरिंदों ने सटर गिराकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और मारपीट कर उसे फेंक दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर पुलिस सतर्क रहती, तो यह घटना रोकी जा सकती थी।
राजेश राम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी चुप नहीं बैठेगी। पार्टी इस घटना के विरोध में प्रदर्शन करेगी और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी। इस मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकुल कुमार, मयंक कुमार मुन्ना, कृपा शंकर सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद थे।