पुलिस और ग्रामीणों के झड़प के बाद बवाल
- फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरपुर जिले के पियर थाना क्षेत्र के बड़गांव इलाके में बुधवार को उस समय तनाव फैल गया, जब डीजे बाजा की जांच के दौरान डीजे संचालक और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के बीच विवाद हो गया। ग्रामीणों के अनुसार, जांच के दौरान कहासुनी बढ़ी और स्थिति नियंत्रण से बाहर होती चली गई।
मारपीट के आरोप और बढ़ता आक्रोश
ग्रामीणों का आरोप है कि विवाद के बाद पुलिसकर्मियों ने डीजे संचालक की पिटाई कर दी, जिससे पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए और विरोध शुरू कर दिया।
घटना को शांत कराने पहुंचे स्थानीय सरपंच के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है। बताया गया कि लाठीचार्ज के दौरान सरपंच के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि कई अन्य लोग भी घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पढ़ें- Bihar Crime: ड्यूटी पर तैनात सिपाही को चाकू से गोदा, हालत गंभीर; रेलवे स्टेशन के बाहर अचानक हुआ हमला
सड़क जाम और आगजनी से बिगड़ी स्थिति
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया और आगजनी शुरू कर दी, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की कार्रवाई से नाराज होकर उन्होंने प्रदर्शन तेज कर दिया। ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि इस दौरान पुलिस द्वारा कई राउंड फायरिंग की गई, जिससे भय और तनाव का माहौल और बढ़ गया।
पुलिस ने क्या बताया?
मामले की सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। एसएसपी कांतेश मिश्रा ने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है, घायलों का इलाज कराया जा रहा है और सड़क जाम हटवा दिया गया है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में कोई पुलिसकर्मी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।