बीजेपी का प्रदर्शन लालू विरोधी नारे
- फोटो : अमर उजाला
बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर को कथित रूप से अपमानित करने को लेकर बीजेपी ने सोमवार को मुजफ्फरपुर जिला समाहरणालय परिसर में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं ने राजद और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनके कथित कृत्य की निंदा की।
धरना कार्यक्रम का नेतृत्व बीजेपी के पूर्वी जिला अध्यक्ष विवेक कुमार और पश्चिमी जिला अध्यक्ष हरिमोहन चौधरी ने संयुक्त रूप से किया। बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं ने ‘बाबा साहब का अपमान नहीं सहेंगे’ जैसे नारों के साथ राजद पर हमला बोला और कहा कि यह केवल दलितों ही नहीं, पूरे देश का अपमान है।
इस दौरान पूर्वी जिला अध्यक्ष विवेक कुमार ने कहा कि बाबा साहब आंबेडकर का सम्मान केवल एक दल ही नहीं, बल्कि समूचा देश करता है। राजद प्रमुख लालू यादव द्वारा बाबा साहब की तस्वीर को पैर के पास रखने जैसा कृत्य बेहद निंदनीय है और इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
पढ़ें: निर्माणाधीन पंचायत भवन में बदमाशों का आतंक, मजदूरों से मारपीट कर मांगी पांच लाख की रंगदारी
वहीं पश्चिमी जिला अध्यक्ष हरिमोहन चौधरी ने कहा कि लालू यादव का असली चेहरा अब जनता के सामने आ गया है। जो लोग बाबा साहब के नाम पर राजनीति कर सत्ता में आए, आज वही उनका अपमान कर रहे हैं। यह न केवल दलित समाज, बल्कि देश की आत्मा का अपमान है।
बीजेपी नेताओं ने विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' के अन्य घटक दलों से भी अपील की कि वे इस कथित अपमान के खिलाफ एकजुट होकर विरोध दर्ज कराएं। उन्होंने मांग की कि जब तक लालू यादव और राजद इस कृत्य के लिए सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते, तब तक भाजपा का विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।