मुजफ्फरपुर में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत ने सनसनी फैला दी है। घर के कमरे में महिला का शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका के परिजनों ने पति, सास और ननद पर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला मानते हुए हर पहलू से जांच में जुटी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।
कमरे में मिला बीडीओ की पत्नी का शव
घटना मुजफ्फरपुर जिले के मिठनपुरा थाना क्षेत्र के कन्हौली बेला की है। यहां एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान दरभंगा जिले के जाले प्रखंड में पदस्थापित बीडीओ मनोज कुमार की 29 वर्षीय पत्नी अमृता कुमारी के रूप में हुई है। घर के कमरे में अमृता का शव मिलने की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही मिठनपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
2023 में हुई थी शादी, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
मृतका के परिजनों ने बताया कि वर्ष 2023 में अमृता कुमारी की शादी जाले प्रखंड में पदस्थापित बीडीओ मनोज कुमार के साथ हिंदू रीति-रिवाज से धूमधाम के साथ हुई थी। उनका आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद अमृता को पति के किसी दूसरी महिला के साथ कथित अवैध संबंध की जानकारी मिली, जिसके बाद परिवार में लगातार विवाद होने लगा।
ये भी पढ़ें- Bankipur Vidhan Sabha: 7717 और 98299 का अंतर पाट सकेंगे प्रशांत किशोर? राजद से पार पाना भी होगा चुनौती
परिजनों का कहना है कि अमृता को पति, सास और ननद मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे, जिससे वह काफी परेशान रहती थी। उनका आरोप है कि घटना से एक रात पहले भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था और उसी दौरान पति, सास और ननद ने मिलकर अमृता को कथित रूप से जहर देकर मार दिया।
पुलिस बोली- प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला, जांच जारी
टाउन-1 एसडीपीओ सुरेश कुमार ने बताया कि महिला का शव कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। परिजनों के बयान दर्ज किए जाएंगे और घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
एफएसएल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस का कहना है कि मामले में किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी साक्ष्यों की जांच की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल की रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।