स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के एसी कोच में मिला सांप
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के जयनगर से नई दिल्ली जाने वाली 12561 स्वतंत्रता सेनानी सुपरफास्ट एक्सप्रेस में शनिवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एसी कोच में यात्रियों ने एक सांप को रेंगते देखा। सांप दिखाई देते ही यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। डर के कारण कई यात्री अपनी सीट छोड़कर कोच के दूसरे हिस्से की ओर भागने लगे।
पूरा मामला ट्रेन के ए-2 (फर्स्ट एसी/टू-टियर) कोच का है। जयनगर से रवाना होने के बाद मुजफ्फरपुर पहुंचने से ठीक पहले यात्रियों ने सीट के नीचे सांप को देखा। घबराए यात्रियों ने तत्काल रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 और आपातकालीन सेवा 112 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई। इस दौरान एक यात्री ने घटना का वीडियो भी बना लिया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर साझा किया गया।
पढ़ें: तेजस्वी का मोदी सरकार हमला, कहा- भाजपा में रहते तो हरिश्चंद्र होते; MLC चुनाव को लेकर क्या दावा किया?
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, उस कोच में कुल 70 यात्री सफर कर रहे थे। इनमें अरुण ठाकुर भी शामिल थे, जो अपने परिवार के साथ यात्रा कर रहे थे। उन्होंने इस पूरी घटना का वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर साझा कर अपना अनुभव बताया।
स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के मुजफ्फरपुर जंक्शन पहुंचते ही आरपीएफ, जीआरपी और कैरेज एंड वैगन विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। सुरक्षा के मद्देनजर ए-2 कोच के सभी यात्रियों को उनके सामान के साथ नीचे उतार दिया गया। इसके बाद रेलवे कर्मचारियों और सुरक्षाबलों ने करीब एक घंटे तक कोच के कोने-कोने, बर्थ के नीचे, खाली जगहों और पैनलों में तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, काफी मशक्कत के बाद भी सांप का कोई सुराग नहीं मिला।
आशंका जताई गई कि सांप कोच के किसी अंदरूनी हिस्से या वायरिंग पैनल में छिप गया है। तलाशी अभियान के बाद भी सांप नहीं मिलने पर यात्रियों ने उसी कोच में सफर करने से इनकार कर दिया। इसके बाद रेलवे अधिकारियों ने ए-2 कोच को हटाकर उसकी जगह दूसरी बोगी जोड़ दी। नई बोगी में सवार होने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। इस घटना के बाद ट्रेन के एसी कोच में साफ-सफाई और रखरखाव को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।