नशे में धुत प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी।
शराबबंदी वाले बिहार में एक प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को शराब के नशे में महिला शिक्षिका के साथ बदतमीजी करने के आरोप में मोतिहारी पुलिस ने हिरासत में लेकर अल्कोहल जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा है। यह पूरा मामला मोतिहारी जिले के कोटवा प्रखंड का है।
अहिरौलिया में कार्यरत महिला शिक्षिका सोनी कुमारी अपने विद्यालय में पढ़ा रही थीं। इसी दौरान प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी उपेन्द्र कुमार सिंह शराब के नशे में विद्यालय पहुंचे और महिला शिक्षिका के साथ बच्चों के सामने ही बदतमीजी और अभद्र व्यवहार करने लगे। पहले तो महिला शिक्षिका ने इसका विरोध किया, लेकिन बीईओ साहब के विद्यालय में ही हंगामा करने पर महिला शिक्षिका ने इसकी शिकायत स्थानीय थाना में कर दी।
पुलिस को आते देख बीईओ साहब वहां से फरार हो गए, लेकिन कोटवा पुलिस ने विद्यालय पहुंचकर महिला शिक्षिका से पूरी घटना की जानकारी ली और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को ढूंढते हुए बीआरसी कोटवा में पहुंचे। यहां बीईओ साहब ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और अपना नाम गलत बताया, यह कहते हुए कि वह बीआरपी (ब्लॉक रिसोर्स पर्सन) हैं। हालांकि पुलिस की सख्ती पर उन्होंने अपनी असल पहचान स्वीकार कर ली।
पुलिस की टीम ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को हिरासत में लेकर मेडिकल जांच के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेजा है। कोटवा थानाध्यक्ष राजरूप राय ने बताया कि महिला शिक्षिका की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को हिरासत में लेकर मेडिकल जांच के लिए भेजा है। यदि शराब की पुष्टि होती है, तो आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नशे में धुत प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी