मुजफ्फरपुर में बच्ची के साथ बर्बरता
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक मां द्वारा अपनी ही बेटी के साथ किए जा रहे अमानवीय व्यवहार का वीडियो सामने आया है। वायरल वीडियो में एक महिला सड़क किनारे अपनी बेटी की पिटाई करती दिखाई दे रही है। इतना ही नहीं, सजा के तौर पर उसने बच्ची के स्कूल बैग में कॉपी-किताबों की जगह ईंटें भर दीं और उसे कंधे पर उठाकर चलने के लिए मजबूर किया। इस दौरान बच्ची रोते हुए खुद को छुड़ाने की कोशिश करती नजर आ रही है।
लोगों से उलझी महिला
घटना के दौरान सड़क के आसपास मौजूद कुछ राहगीरों ने पूरा मामला देखा और स्थिति को समझने की कोशिश की। तभी मौके पर मौजूद एक युवक ने महिला को रोकते हुए ऐसा न करने की अपील की, लेकिन महिला वहां मौजूद लोगों से उलझ गई। जब लोगों ने पुलिस बुलाने की बात कही तो उसने जवाब दिया कि जिसे बुलाना है बुला लें, वह बच्ची को सजा देती रहेगी। मामला गंभीर होता देख कुछ लोगों ने महिला को समझाने और बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हुई। अंत में लोगों ने उसे चेतावनी दी कि यदि वह ऐसा व्यवहार जारी रखती है तो बच्ची को आश्रम में दे दे। लोगों से बहस के बाद महिला बच्ची को अपने साथ लेकर वहां से चली गई।
ये भी पढ़ें:
भारतीय रेलवे का शौचालय ऐसा कि अंदर नहीं घुस सकी श्रद्धालु; खुले में जाने के बाद ट्रैक पर मौत
एसएसपी ने दिए जांच के आदेश
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि घटना जिले के किस इलाके की है और वीडियो में दिखाई दे रही महिला कौन है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। एसएसपी ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जानकारी मिली है और उसकी सत्यता की जांच कराई जा रही है। इस मामले में जिला बाल कल्याण अधिकारी को भी मौके पर भेजा जाएगा, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि बच्ची के साथ किसी प्रकार का उत्पीड़न हुआ है या नहीं। पुलिस को वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।