महाशिवरात्रि के अवसर पर बाबा गरीबनाथ धाम मंदिर में लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह चार बजे विशेष पूजा के बाद मंदिर के पट खोले गए, जो 36 घंटे तक खुले रहेंगे। भक्तों ने पंक्तिबद्ध होकर जलाभिषेक और दर्शन किए।
महाशिवरात्रि पर्व पर बाबा गरीबनाथ धाम मंदिर में आज श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा है। लाखों की संख्या में भक्तों ने बाबा का दर्शन, पूजन और जलाभिषेक किया। महाशिवरात्रि के अवसर पर आज अहले सुबह से ही श्रद्धालु मंदिर पहुंचने लगे थे। आज रविवार दोपहर के बाद बाबा की अद्भुत बारात भी निकाली जाएगी। सुबह से ही बाबा गरीबनाथ मंदिर में पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा के आशीर्वाद के लिए जलाभिषेक किया और हर-हर महादेव के जयकारे लगाए।
विज्ञापन
सुबह चार बजे खुले पट
सुबह चार बजे विशेष पूजन के बाद जैसे ही बाबा के पट खुले, भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भोलेनाथ की भक्ति में सराबोर भक्त नारे लगाते हुए मंदिर पहुंचे और गर्भगृह में जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने पंक्तिबद्ध होकर मंदिर में प्रवेश किया और बाबा पर जल चढ़ाया। महाशिवरात्रि को लेकर मंदिर में विशेष तैयारियां की गई हैं, जो भक्तों के लिए आस्था का केंद्र बनी हुई हैं।
विशेष सजावट बना आकर्षण का केंद्र
भक्त हर-हर महादेव के जयघोष के साथ मंदिर में पहुंचे और विधिवत पूजा-अर्चना की। पूरे गर्भगृह और मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया गया है, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
विज्ञापन
36 घंटे खुले रहेंगे पट, विशेष प्रबंध
महाशिवरात्रि के अवसर पर बाबा गरीबनाथ धाम के प्रधान पुजारी पंडित विनय पाठक ने बताया कि आज सुबह चार बजे से मंदिर के पट खोले गए हैं, जो सोमवार शाम चार बजे तक खुले रहेंगे। इस बार मंदिर 36 घंटे तक लगातार खुला रहेगा। सुबह से ही महिला और पुरुष श्रद्धालु पंक्तिबद्ध होकर बाबा का दर्शन और जलाभिषेक कर रहे हैं। इसके लिए विशेष तैयारी की गई है।
श्रद्धालुओं को जलाभिषेक में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए मंदिर प्रशासन ने 700 से अधिक स्वयंसेवकों की तैनाती की है। जिला प्रशासन और पुलिस बल के जवान भी मौके पर मौजूद हैं, ताकि विधि-व्यवस्था बनी रहे। मंदिर परिसर में अतिरिक्त निगरानी के लिए कैमरे लगाए गए हैं और लगातार घोषणा की जा रही है, जिससे श्रद्धालुओं को कोई दिक्कत न हो। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी भक्त सहज रूप से बाबा पर जल चढ़ा सकें।