मुजफ्फरपुर के साहेबगंज थाना क्षेत्र में स्थित चिकना चौर में तीन दिन पहले हुए सरकारी शिक्षक गुड्डू लाल ठाकुर हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। यह पूरी वारदात प्रेम और विश्वासघात की उस खौफनाक कहानी को उजागर करती है, जिसमें प्रेमिका ने ही अपने नए प्रेमी और उसके दोस्तों के साथ मिलकर पुराने प्रेमी की हत्या करवा दी।
गांव की महिला से चल रहा था प्रेम संबंध, बीच में आया दूसरा प्रेमी
दरअसल, शिक्षक गुड्डू लाल ठाकुर का साहेबगंज थाना क्षेत्र के दरिया छपरा की रहने वाली ममता देवी से प्रेम संबंध था। दोनों के बीच काफी समय से नजदीकियां थीं। लेकिन इसी दौरान ममता का झुकाव राहुल कुमार नामक युवक की ओर हो गया। जब गुड्डू को इस बात की भनक लगी, तो वह ममता को राहुल से मिलने-जुलने से मना करने लगा। इससे दोनों के बीच तनाव और झगड़े बढ़ने लगे।
यह भी पढ़ें- Bihar : बहुचर्चित खेमका हत्याकांड मामले पर कटघरे में घिरता नजर आया पुलिसिया अनुसंधान; साउंड क्लिप पर भी सवाल
तीन जुलाई की रात को रची गई हत्या की योजना
ममता ने गुड्डू से पीछा छुड़ाने के लिए अपने नए प्रेमी राहुल कुमार के साथ मिलकर एक भयानक षड्यंत्र रच डाला। राहुल ने अपने दो साथियों कमलेश और सोनू कुमार को भी इसमें शामिल कर लिया। योजना के तहत तीन जुलाई की रात को ममता ने गुड्डू को चिकना चौर बुलाया। वहां पहले से मौजूद कमलेश और सोनू ने जैसे ही गुड्डू को देखा, तीनों ने मिलकर धारदार दबिया से उसकी बेरहमी से हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।
तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों से पुलिस ने खोली गुत्थी
घटना की जांच में जुटी पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और तकनीकी विश्लेषण के जरिए आरोपियों की पहचान कर तीन को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार लोगों में ममता देवी, कमलेश और सोनू कुमार शामिल हैं। वहीं, मुख्य साजिशकर्ता राहुल कुमार अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की ताबड़तोड़ छापामारी जारी है।
हत्या में प्रयुक्त बाइक और दो मोबाइल किए गए जब्त
गिरफ्तार आरोपियों से घटना में इस्तेमाल की गई बाइक और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस अब इनसे पूछताछ कर पूरे षड्यंत्र की कड़ियों को जोड़ रही है। साथ ही आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
पुलिस सूत्रों की मानें तो आरोपी महिला ममता देवी का पति शिवनाथ महतो प्रदेश में मजदूरी करता है, जबकि ममता का गांव में कई पुरुषों से संपर्क है। उसके मोबाइल में कई युवकों के नंबर मिले हैं। आशंका है कि वह युवकों को प्रेमजाल में फंसाकर आर्थिक दोहन करती थी। यह भी जांच का विषय बना हुआ है।
यह भी पढ़ें- Bihar: बैंक ऑफ महाराष्ट्र लूटकांड का मामला, पति-पत्नी एक किलो सोने के साथ गिरफ्तार; मास्टरमाइंड धराया
‘जल्द पकड़ा जाएगा मुख्य आरोपी’
ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने मामले का खुलासा करते हुए कहा कि सरकारी शिक्षक की हत्या प्रेम प्रसंग के चलते की गई थी। हत्या में एक महिला सहित चार लोग शामिल थे। इनमें से तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मुख्य साजिशकर्ता राहुल कुमार की तलाश जारी है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।