नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने मुजफ्फरपुर में बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए करीब 50 लाख रुपये मूल्य का गांजा बरामद किया है। इस दौरान ट्रक से दो तस्करों को गिरफ्तार भी किया गया। जानकारी के अनुसार, तस्कर असम के गुवाहाटी से गांजे की खेप लेकर महाराष्ट्र के नागपुर जा रहे थे। ट्रक में गांजे को चायपत्ती की बोरियों के बीच छुपाया गया था, ताकि जांच में पकड़ न आए।
कैसे हुई कार्रवाई?
डीआरआई को गुप्त सूचना मिली थी कि दरभंगा की ओर से आ रहा एक ट्रक नशीले पदार्थ की बड़ी खेप लेकर गुजरने वाला है। इसके बाद टीम ने एनएच-57 पर मैथी टोल प्लाजा के पास घेराबंदी की। कुछ ही देर बाद एमएच नंबर का ट्रक आता दिखाई दिया। जांच के दौरान ट्रक में छिपाकर ले जाई जा रही गांजे की खेप बरामद हुई। मौके से गिरफ्तार दोनों तस्करों की पहचान देवेंद्र नूनिया और अनिल कुमार तिवारी, निवासी रामनदपुर, मऊगंज (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। एक खुद को चालक बता रहा है, जबकि दूसरा सहयोगी के रूप में साथ था।
पढ़ें: ताजपुर-बख्तियारपुर फोरलेन किनारे खेत से युवक का अधजला शव बरामद, पास से पिस्टल भी मिली
DRI की आगे की कार्रवाई
डीआरआई अधिकारियों ने बताया कि बरामद खेप की कीमत 50 लाख रुपये से अधिक है। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है। टीम तस्करी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की भी जांच कर रही है ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सके।