बिहार राज्य बीज निगम लिमिटेड के हाजीपुर स्थित कार्यालय में ठेकेदार के अधीन काम कर रहे चार दर्जन से अधिक महिला और पुरुष मजदूरों को पिछले पांच महीनों से मजदूरी नहीं मिली है। भुगतान नहीं होने से मजदूरों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
मजदूरों ने जमकर हंगामा किया
बकाया मजदूरी की मांग को लेकर आक्रोशित मजदूरों ने मंगलवार को कार्यालय परिसर में जमकर हंगामा किया। प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने बताया कि पैसे के अभाव में घर चलाना मुश्किल हो गया है और कई परिवारों के सामने भोजन तक का संकट खड़ा हो गया है।
बार-बार गुहार के बाद भी नहीं मिली राहत
मजदूरों का आरोप है कि उन्होंने कई बार ठेकेदार नंद बिहारी और कार्यालय में पदस्थ क्षेत्रीय प्रबंधक शशिदेव सिंह से गुहार लगाई, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। हंगामे की सूचना पर जब शशिदेव सिंह मौके पर पहुंचे, तो मजदूरों ने उनसे सीधे भुगतान की मांग की। इस दौरान कथित तौर पर उन्होंने मजदूरों को ठेकेदार के पास जाने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया।
महिला मजदूरों की पीड़ा
स्थानीय महिला मजदूर गीता देवी ने बताया कि वह झाड़ू-पोंछा का काम कर अपने बच्चों का पालन-पोषण करती हैं। पति के निधन के बाद यही उनकी आय का एकमात्र साधन है। उन्होंने कहा कि कई महीनों से मजदूरी नहीं मिलने के कारण अब राशन तक उधार मिलना बंद हो गया है।
ये भी पढ़ें-
Bihar CM: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का घर वही, पता बदला; सीएम आवास को लेकर क्या आया आदेश?
काम बंद कर हड़ताल पर बैठे मजदूर
स्थिति से नाराज मजदूरों ने काम बंद कर हड़ताल शुरू कर दी है। उनका कहना है कि जब तक बकाया मजदूरी का भुगतान नहीं होगा, तब तक वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे।