पुलिस मामले की जांच में जुटी है
- फोटो : अमर उजाला
वैशाली जिले के बेलसर थानाक्षेत्र के नगमा गांव में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। जहां पर पति के मना करने के बाद भी पत्नी रक्षाबंधन का त्योहार मनाने अपने मायके चली गई। गुस्से में पति ने फांसी के फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली। घटना की खबर तब लगी जब मृतक की मां घर में गई और उसे फांसी के फंदे से झूलता देखा। शोर मचाने के बाद होने पर आसपास स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए। उसके बाद लोगों ने घटना की सूचना बेलसर थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक की पहचान नगमा गांव निवासी राम देनी सहनी के बेटे लालदेव सहनी (33) के तौर पर हुई है।
घटना को लेकर परिजनों ने बताया कि लालदेव सहनी की पत्नी बार-बार मायके जाने के लिए कह रही थी। जबकि लालदेव कह रहे थे कि पैसा नहीं है, अभी मत जाओ। रक्षाबंधन है तो क्या हुआ, बाद में जाकर मिल लेना। लेकिन वह जबरदस्ती कर देर शाम अपने मायके चली गई। इसके बाद गुस्से में आकर लालदेव ने फांसी के फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली।
इधर, बेलसर थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच-पड़ताल करने में जुट गई। पुलिस ने फंदे से युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद से परिवार वालों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप देगी। वहीं, इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है।
बेलसर थाना अध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। पति ने रक्षाबंधन त्योहार पर पत्नी को मायके जाने से मना किया था। पत्नी चली गई, इसीलिए पति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।