वैशाली जिले के हाजीपुर में दोस्ती को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। सदर थाना क्षेत्र के चंद्रायल गांव में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि हत्या करने वाला युवक का दोस्त ही था, जिसने पहले फोन कर उसे मिलने के लिए बुलाया और फिर वारदात को अंजाम दे दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान सदर थाना क्षेत्र के चंद्रायल निवासी सुधीर पासवान के पुत्र ऋषि कुमार के रूप में हुई है।
फोन कर बुलाया, फिर मारी गोली
जानकारी के अनुसार, बीते शुक्रवार को किसी बात को लेकर दोनों दोस्तों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद शनिवार दोपहर आरोपी ने ऋषि कुमार को फोन कर मिलने के लिए गाछी में बुलाया। बताया जा रहा है कि उसी दौरान आरोपी ने उस पर गोली चला दी। गोली लगते ही ऋषि गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने आरोपी की पहचान की
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। साथ ही फॉरेंसिक टीम, वैशाली एसपी और अन्य पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि हत्या के समय मृतक का एक अन्य दोस्त भी मौके पर मौजूद था, जिससे पूछताछ की जा रही है।
ये भी पढ़ें-
Bihar News: भतीजी का इलाज कराकर लौट रहा था युवक, रास्ते में काल बनकर आई नीलगाय; दर्दनाक हादसे में मौत
गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
सदर-1 डीएसपी सुबोध कुमार ने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। फिलहाल, शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।