सार
वैशाली के इस्माइलपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर हुए हिंसक हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और बेटा गंभीर रूप से घायल हैं। परिजनों ने भतीजे और उसके परिवार पर धारदार हथियार से हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
वैशाली जिले के हाजीपुर सदर थाना क्षेत्र के इस्माइलपुर गांव में जमीन के पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि भतीजे ने अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर चाचा, चाची और चचेरे भाई पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस घटना में चाचा की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि चाची और चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मृतक की पहचान इस्माइलपुर निवासी स्वर्गीय लगन राम के 55 वर्षीय पुत्र आमोद राम के रूप में हुई है। वहीं, उनकी 50 वर्षीय पत्नी इंदु देवी और 28 वर्षीय पुत्र विकास कुमार का इलाज चल रहा है। इंदु देवी को बेहतर उपचार के लिए पटना रेफर किया गया है।
जमीन विवाद के बीच हुआ हमला
परिजनों के अनुसार, आमोद राम और उनके भतीजे चंदन कुमार के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि शुक्रवार रात विवाद बढ़ने पर चंदन कुमार ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर आमोद राम, उनकी पत्नी और बेटे पर तलवार तथा अन्य धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को हाजीपुर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद आमोद राम को मृत घोषित कर दिया, जबकि इंदु देवी की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पटना रेफर कर दिया गया। विकास कुमार का इलाज जारी है।
परिजनों का आरोप, केला काटने को लेकर भी हुआ था विवाद
मृतक की बेटी चंचल कुमारी ने आरोप लगाया कि घटना से पहले केला काटने की बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद चंदन कुमार और उसके परिवार के लोगों ने तलवार और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में उनके माता-पिता और भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।
ये भी पढ़ें-
Bihar: भारत-नेपाल सीमा पर मुहर्रम जुलूस में बवाल, ताजिया के दौरान पथराव; आधा दर्जन घायल
शव लेकर किया सड़क जाम
घटना के बाद परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव को गांव ले गए और सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन करते हुए जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति सामान्य कराने का प्रयास किया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। शिकायत और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।