वैशाली जिले के सदर थाना क्षेत्र में बीते दिनों हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कुख्यात बदमाश त्रिलोकी उर्फ रिशु को पुलिस ने 24 घंटे के रिमांड पर लिया। इस दौरान एसटीएफ पटना और ओडिशा पुलिस की संयुक्त टीम ने उससे गहन पूछताछ की, जिसमें कई अहम जानकारियां सामने आई हैं।
पूछताछ में हत्या और लूट की स्वीकारोक्ति
पुलिस पूछताछ में त्रिलोकी ने पटना में दो हत्या और ओडिशा में दो लूट की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार उसने यह भी बताया कि इन घटनाओं का मास्टरमाइंड कौन था, वारदातों में कितने लोग शामिल थे और लूट की योजना कहां व कैसे बनाई गई थी।
छापामारी की तैयारी में पुलिस
पूछताछ के दौरान त्रिलोकी ने अपने साथियों के नाम और उनके ठिकानों की जानकारी भी दी है। इन इनपुट्स के आधार पर एसटीएफ और ओडिशा पुलिस संबंधित स्थानों पर छापामारी की तैयारी में जुट गई है। पूछताछ के बाद दोनों एजेंसियां आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही हैं।
मुठभेड़ में मारा गया था प्रिंस उर्फ अभिजीत
गौरतलब है कि बीते शुक्रवार की दोपहर सदर थाना क्षेत्र के हनुमान नगर कॉलोनी स्थित शकुंतला भवन में पुलिस मुठभेड़ के दौरान सोना लूट का आरोपी प्रिंस उर्फ अभिजीत मारा गया था। इसी घटना के दौरान भागने की कोशिश कर रहे कुख्यात बदमाश त्रिलोकी उर्फ रिशु को एसटीएफ ने हथियार के साथ गिरफ्तार किया था।
गुप्त सूचना पर हुई थी कार्रवाई
एसटीएफ पटना को सूचना मिली थी कि प्रिंस उर्फ अभिजीत अपने साथियों के साथ दिघी स्थित एक मकान में छिपकर अपराध की योजना बना रहा है। गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ और स्थानीय थाना पुलिस ने छापामारी की। इस दौरान प्रिंस और त्रिलोकी ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई।
पढ़ें- बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के बाद हिंसा: मुख्य आरोपी गिरफ्तार; उपद्रव में 30 नामजद, 200 अज्ञात के खिलाफ FIR
त्रिलोकी का आपराधिक इतिहास
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार त्रिलोकी उर्फ रिशु पटना जिले के आलमगंज निवासी बैजू सहनी का पुत्र है। उसके खिलाफ लूट, हत्या और आर्म्स एक्ट के आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। जून 2025 में आलमगंज थाना क्षेत्र में लक्ष्मी देवी और सिंगाली कुमारी की गोली मारकर हत्या के मामले में भी वह आरोपी रहा है।
उड़ीसा की बड़ी लूटों में भी नाम
जनवरी 2025 में ओडिशा के जाजपुर पानीकोयाली थाना क्षेत्र में 25 किलोग्राम सोना लूट की घटना और संभलपुर अंधापल्ली थाना क्षेत्र में करीब 11.40 करोड़ रुपये मूल्य के सोने के आभूषण लूट कांड में भी त्रिलोकी की संलिप्तता सामने आई है। इन मामलों में संबंधित थानों में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज हैं।