बिहार के वैशाली जिले में भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप से राहत पाने के लिए एक अनोखी पहल शुरू की गई है। वर्षा की कामना को लेकर आज से हवन-यज्ञ और पूजा-अर्चना प्रारंभ की गई है। आमतौर पर लोग पूजा-पाठ और यज्ञ के माध्यम से अपनी-अपनी मनोकामनाएं मांगते हैं, लेकिन वैशाली के केदार प्रसाद यादव की मांग कुछ अलग है। उन्होंने लोगों को तेज धूप और भीषण गर्मी से राहत मिले तथा जल्द बारिश हो, इसके लिए यज्ञ शुरू कराया है।
रतनपुरा गांव में शुरू हुआ हवन-यज्ञ
पूरा मामला वैशाली जिले के भगवानपुर प्रखंड अंतर्गत रतनपुरा गांव का है, जहां केदार प्रसाद यादव द्वारा पूजा-अर्चना और हवन कराया जा रहा है। बताया जा रहा है कि कई दिनों से लगातार पड़ रही भीषण गर्मी और तेज धूप के कारण जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। इंसानों के साथ-साथ पशु-पक्षी भी गर्मी से बेहाल हैं।
बारिश होने तक चलता रहेगा यज्ञ
केदार प्रसाद यादव ने बताया कि जब तक बारिश नहीं होगी, तब तक हवन-यज्ञ जारी रहेगा। उन्होंने भगवान के समक्ष प्रार्थना करते हुए कहा कि पूजा-अर्चना से भगवान प्रसन्न होते हैं और लोगों को तेज धूप व गर्मी से राहत मिलेगी।
भीषण गर्मी से घरों में कैद लोग
भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप से बचने के लिए लोग घरों में कैद रहने को मजबूर हैं। गर्मी के कारण सड़कें, चौक-चौराहे सुनसान नजर आ रहे हैं। बच्चे भी तेज गर्मी से परेशान हैं।
हीटवेव का जानवरों पर भी असर
झुलसा देने वाली गर्मी का असर पालतू जानवरों पर भी पड़ रहा है। लोग जानवरों को धूप से बचाने के लिए पेड़ों के नीचे और गौशालाओं में रख रहे हैं। हीटवेव के कारण लोग बीमार भी पड़ रहे हैं।
गर्मी से बचने के लिए लोग अपना रहे उपाय
हीटवेव से बचने के लिए लोग तरह-तरह के जूस और ठंडे पेय का सेवन कर रहे हैं। जरूरी काम से बाहर निकलने वाले लोग छाता, गमछा और तौलिया का इस्तेमाल कर रहे हैं। गर्म हवाओं के कारण राज्य के विभिन्न जिलों में स्कूली बच्चे भी बीमार पड़ रहे हैं।
ये भी पढ़ें:
मेडिसिन माफिया पर बड़ा एक्शन, पूर्व सांसद के घर से प्रतिबंधित दवाएं जब्त; हिरासत में पति-पत्नी
वैशाली में स्कूल बंद
लगातार पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए वैशाली जिला प्रशासन ने भी कदम उठाया है। जिला अधिकारी के आदेश के बाद स्कूलों को बंद कर दिया गया है। हवन में शामिल लोगों ने भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना की कि बिहारवासियों को भीषण गर्मी से जल्द राहत मिले।