वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में 8 वर्षीय मासूम अकुश कुमार के अपहरण के बाद हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि ऑनलाइन गेम की लत और कर्ज में डूबे दो दोस्तों ने फिरौती के लिए बच्चे का अपहरण किया था। वहीं, शव की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम गंगा नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।
घर के बाहर खेलते समय हुआ था अपहरण
पुलिस के मुताबिक, रामपुर श्यामचंद निवासी अनिल पंडित का 8 वर्षीय बेटा अकुश कुमार घर के बाहर खेल रहा था। दोपहर के समय वह अचानक लापता हो गया। काफी तलाश के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए राघोपुर थाना को सूचना दी।
वीडियो कॉल कर मांगी 10 लाख की फिरौती
जांच में सामने आया कि अपहरणकर्ताओं ने पहले बच्चे को मोटरसाइकिल से गांव के आसपास घुमाया और फिर एक घर में बंधक बनाकर रखा। इसके बाद उन्होंने बच्चे के पिता अनिल पंडित को वीडियो कॉल किया। पहले 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई और कुछ देर बाद रकम घटाकर 5 लाख रुपये कर दी गई। साथ ही पैसे नहीं देने पर बच्चे की हत्या की धमकी भी दी गई।
पुलिस की भनक लगते ही कर दी हत्या
पुलिस के अनुसार, आरोपियों को जैसे ही पुलिस जांच की जानकारी मिली, उन्होंने मासूम की हत्या कर दी। इसके बाद शव को कच्ची दरगाह सिक्स लेन पुल के 62 नंबर पाया के पास गंगा नदी में फेंक दिया। पुलिस ने घटनास्थल से बच्चे की चप्पल भी बरामद की है।
ऑनलाइन गेम और कर्ज बना हत्या की वजह
वैशाली के एसपी शुभांक मिश्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि वे ऑनलाइन गेम खेलने की लत और भारी कर्ज में फंस गए थे। जल्दी पैसा कमाने के लालच में उन्होंने बच्चे के अपहरण और फिरौती की पूरी साजिश रची।
मोबाइल और सिम कार्ड बरामद, एक आरोपी अब भी फरार
पुलिस ने फिरौती मांगने में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद कर लिया है। जांच के दौरान एक अन्य आरोपी का नाम भी सामने आया है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
गंगा में शव की तलाश जारी
एसडीआरएफ की टीम गंगा नदी में मासूम के शव की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में चार्जशीट दाखिल की जाएगी।
एसपी ने क्या कहा
एसपी शुभांक मिश्रा ने कहा कि मामले का सफल उद्भेदन कर लिया गया है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। फरार आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।